फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरांव में युवक को गोली से उड़ाया

Wed, 09 Mar 2016 02:08 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
क्राइम - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
यमुनापार के कोरांव इलाके में मंगलवार सुबह अखंड रामायण पाठ के दौरान अगरबत्ती खरीदने बाजार जा रहे युवकों की पड़ोस में रहने वाले पूर्व फौजी के बेटे से कहासुनी  से कहासुनी के बाद खून-खराबा हो गया। मारपीट के दौरान ही पूर्व फौजी के पुत्र ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर विनोद मिश्र (25) की हत्या कर दी। मृतक के भाई समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। फायरिंग और कत्ल से गांव में कोहराम मच गया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने हत्या आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में लिया जबकि एक व्यक्ति फरार है।
विज्ञापन


कोरांव में सिरियारी गांव निवासी दिवाकर प्रसाद मिश्र ने महाशिवरात्रि के अवसर पर घर में अखंड रामायण का पाठ रखा था। उनके चार बेटों में सबसे बड़ा विनोद कुमार मिश्र (25) देहरादून की एक फर्म में नौकरी करता है। वह भी दो दिन पहले घर आ गया था। मंगलवार को पाठ की पूर्णाहुति होनी थी। सुबह करीब साढ़े सात बजे विनोद का छोटा भाई शैलेश (22) अपने फुफेरे भाई शशांक पांडेय (19) के साथ घर से अगरबत्ती खरीदने निकला था। वे दोनों कुछ दूर पर पूर्व फौजी गुलाब प्रसाद मिश्र के मकान के पास पहुंचे तो उसके बेटे रामेश्वर से उनकी कहासुनी हो गई। उनके बीच मारपीट होने लगी तो शशांक ने अपने ममेरे भाई भाई अरुण को फोन किया।

झगड़े का पता चलते ही विनोद और अरुण समेत परिवार के लोग भागकर वहां आ गए। तब तक शैलेश को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया गया था। रामेश्वर के पिता गुलाब और मां समेत कई लोग आ गए। झगड़ा बढ़ा तो रामेश्वर ने घर से लाइसेंसी एकनाली बंदूक लाकर विनोद पर एकदम करीब से फायर कर दिया। विनोद गोली लगने पर गिरा तो रामेश्वर ने मकान की छत पर जाकर एक और फायर किया। विनोद का फुफेरा भाई शशांक भी छर्रे धंसने से जख्मी हो गया। खून-खराबे से गांव में खलबली मच गई।
विज्ञापन


घायल विनोद, शशांक और शैलेश को परिजन सीएचसी कोरांव ले गए। वहां डॉक्टरों ने विनोद की हालत नाजुक बताकर शहर में एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। मगर उसने अस्पताल के रास्ते में दम तोड़ दिया। खबर पाकर सीओ मेजा जीतेंद्र दुबे थानाध्यक्ष कोरांव उदयवीर सिंह के साथ मौके पर पहुंच गए। मृतक विनोद के चचेरे भाई अरूण की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व फौजी गुलाब प्रसाद, उसके बेटे रामेश्वर और दलित बस्ती में रहने वाले अवधेश के खिलाफ कत्ल का केस लिखा है। कोरांव पुलिस ने आरोपी गुलाब को उसके पुत्र रामेश्वर समेत हिरासत में लिया है। 

परिजनों और पड़ोसियों से बातचीत में पुलिस को पता चला  कि दिवाकर प्रसाद मिश्र और पूर्व फौजी गुलाब प्रसाद मिश्र के परिवार के बीच गांव में दबदबा बनाने की टशन बनी थी। उनके बीच पिछले एक दशक में कई बार टकराव हुआ। अबकी प्रधानी चुनाव में यह रंजिश और गहरा गई। मारे गए विनोद का चचेरा भाई अरुण भी प्रधानी चुनाव लड़ा था। वह जीत न पाए इसलिए विरोधी गुलाब प्रसाद और उसके परिवार ने दूसरे उम्मीदवार प्रमोद केसरी का साथ दिया। केसरी के चुनाव जीतने के बाद गुलाब और दिवाकर मिश्र के बेटों के बीच अक्सर कहासुनी होने लगी थी। मगर यह रंजिश दिवाकर के बेटे विनोद के लिए जानलेवा साबित हुई। विनोद का ब्याह दो साल पहले बड़ोखर कस्बे के उषा के साथ किया गया था। तीन माह पहले उषा ने बेटी को जन्म दिया है। पति के कत्ल की खबर मिली तो उषा को गहरा सदमा पहुंचा। वह दुधमुंही बेटी को सीने से लगाए रोती-कलपती रही। घर में अखंड रामायण पाठ के चलते तमाम रिश्तेदार जुटे थे। हंसी-खुशी का माहौल था मगर एक झटके में हाहाकार मच गया।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें