शहर में चुनाव हैं। शहर के 31 थाना क्षेत्रों में हाई अलर्ट है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स की मौजूदगी के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन ऐसे संवेदनशील माहौल में बदमाश जब चाहें लूट, डकैती और हत्या जैसी सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे रहे हैं। शहर के हर कोने पर मौजूद यूपी-100 की गाड़ियां दिखावा बनकर रह गई हैं। सवाल यह है कि पुलिस कहां है। क्या कर रही है। क्यों सुरक्षा का झूठा दम भर रही है।
पुलिस के खोखले दावों की कलई बृहस्पतिवार सरेशाम बदमाशों ने फिर खोली है। आधा घंटे तक हथियारबंद बदमाशों ने ब्रह्मपुरी जैसी घनी आबादी में तांडव मचाया। बच्चे और महिलाएं चिल्लाती रहीं और बदमाश गोलियां बरसाकर आसानी से फरार हो गए। चंद कदमों की दूरी पर यूपी-100 की दो गाड़ियां खड़ी थीं, उनके सामने ही बदमाश बाइक से भागे। लेकिन पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे।
सनसनीखेज वारदात इन दावों को खोखला साबित करती है।
विरोध में जाम लगाते लोग
ब्रह्मपुरी में नकाबपोश बदमाशों ने डकैती के बाद गोलियां बरसाकर एक व्यापारी की जान ले ली। चार लोग गोलियां लगने से घायल हुए। पुलिस अफसर दावा करते हैं कि शहर में विधानसभा चुनाव के चलते चप्पे-चप्पे पर पहरा है। रोजाना पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स फ्लैग मार्च निकाल रही है। हर थाना क्षेत्र में बदमाशों पर शिकंजा कस दिया गया है। बदमाशों के घरों पर दबिश दी जा रही हैं। लेकिन यह सनसनीखेज वारदात इन दावों को खोखला साबित करती है। लगता है कि पुलिस ने शहर बदमाशों के हवाले कर दिया है। पुलिस का मुखबिर तंत्र फेल साबित हो चुका है। बदमाश इन दावों को धता बताकर जब चाहें, जिस इलाके में वारदात करने से नहीं डर रहे।
गली में बदमाश करीब आधे घंटे तक रहे।
मौके पर पुलिस फोर्स
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छह बदमाश दो बाइक पर आए थे। बदमाशों ने बाइक गली के नुक्कड़ पर खड़ी की थीं। सभी बदमाश पैदल ही व्यापारी के गोदाम पर गए। गली में बदमाश करीब आधे घंटे तक रहे। यदि थाना पुलिस की गश्त होती और यूपी-100 अलर्ट होती तो बदमाश पकड़े जाते।
बदमाशों के खौफ में ब्रह्मपुरी
विलाप करते परिजन
ब्रह्मपुरी में कैसीनो और अवैध वसूली को लेकर बदमाशों में गैंगवार तक चलती है। दो नवंबर 2014 को इंदिरा नगर में सरेशाम गोलियां बरसाकर आकाश, करन व गोलू की हत्या कर दी गई। इससे पहले गैंगवार में ब्रह्मपुरी में तीन युवकों के मर्डर हुए। शास्त्री की कोठी के पास व्यापारी राजू की हत्या कर दी गई। रंगदारी न देने पर भाजपा पार्षद राजीव काले पर जानलेवा हमला हुआ। लगातार आपराधिक घटनाओं से ब्रह्मपुरी में खौफ है।
वारदातों से थर्राता शहर
यूपी पुलिस
13 दिसंबर : शास्त्रीनगर में रिटायर्ड चीफ इंजीनियर के घर लाखों की डकैती
16 दिंसबर : वेदव्यासपुरी में ट्रांसपोर्टर के घर आठ लाख का डाका
17 दिसंबर : भावनपुर में पंप पर डाका
31 दिसंबर : परतापुर में किसान के घर बंधक बनाकर पांच लाख की लूट
01 जनवरी : नौचंदी थाने के पास प्रकाशक के घर लाखों की डकैती
12 जनवरी : जयदेवीनगर में व्यापारी के घर तीस लाख की डकैती
13 जनवरी : मीनाक्षीपुरम में स्पोर्ट्स व्यापारी के घर लाखों की डकैती
18 जनवरी : टीपीनगर में सराफ की दुकान में लाखों की डकैती
25 जनवरी : सराफा बाजार में दो दुकानों में लूट, पल्लवपुरम में लाखों की डकैती
अब क्या कर लोगे
पुलिस ने पहले गली और फिर शारदा रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। क्राइम ब्रांच की टीम ने पांच दुकानों से कैमरे की फुटेज ली। पुलिस का कहना है कि बदमाश कैमरे में कैद हुए हैं। लोगों ने कहा कि बदमाशों ने एक घर उजाड़ दिया। अब बदमाश पकड़ भी लोगे तो क्या हो जाएगा।