कैंट इलाके में फाजलपुर फाटक के पास एक युगल ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। दिल दहला देने वाली यह घटना शुक्रवार शाम हुई। युवक के कपड़ों से मिले पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त बड़ौत निवासी के रूप में हुई। जबकि युवती के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार युवक की जेब में मिले पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त इंद्रजीत सिंह (22) पुत्र ओसीराम निवासी गांव हीलागढ़ी बड़ौत के रुप में हुई है। इंद्रजीत के भाई जोगी दास ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि इंद्रजीत दो साल से नरेला दिल्ली में रह रहा था। शुक्रवार सुबह इंद्रजीत से बात हुई थी, उसने बताया था कि वह पंजाब फरारगढ़ स्थित रविदास मंदिर जल लेने जा रहा है।
इंद्रजीत ने शाम करीब पांच बजे फोन पर पंजाब पहुंचने की भी जानकारी दी थी। जोगी दास ने बताया कि अब वह मेरठ कैसे पहुंचा और युवती कौन है, उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
युवती की नहीं हुई शिनाख्त
युवती के शव की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच में क्या रिश्ता था और दोनों ने किस कारण ट्रेन से कटकर आत्महत्या की है, अभी इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता है। पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग मानकर भी जांच पड़ताल कर रही है।
किसी को नहीं दिया मौका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक और युवती ट्रैक के आसपास ही बैठे थे। काफी देर से आपस में बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ट्रेन को आते हुए देखा। ट्रेन जब पास आई तो दोनों एक साथ ही हाथ पकड़कर तेजी से दौड़े और ट्रेन के आगे कूद गए। मरने के दौरान दोनों की चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए तो ट्रेन गुजरने के बाद दोनों के क्षतविक्षत हालत में शव ट्रैक पर पड़े मिले।