हाईवे पर रात के सफर को सुरक्षित बनाने के लिए एसएसपी ने सिपाही से लेकर सीओ तक की जिम्मेदारी तय की है। रात्रि दो बजे तक सभी सीओ और थाना प्रभारी चेकिंग प्वाइंटों पर जाकर पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी की जांच करेंगे। साथ ही चेकिंग प्वाइंट के फोटो खींचकर वाट्स एप पर एसएसपी को भेजेंगे।
जेवर में हाईवे पर हुई दुस्साहिक घटना के बाद जिले में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एसएसपी ने शुक्रवार को हाईवे की सुरक्षा के लिए प्लान तैयार किया था। जहां पूरे जिले में हाईवे और मुख्य मार्गों पर 50 प्वाइंट चिह्नित कर ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए थे। साथ ही यूपी 100 की गाड़ी, पीसीआर और थानों की जीप पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए थे कि रात्रि नौ बजे से सुबह छह बजे तक हाईवे और मुख्य मार्गों पर रहें।
एसएसपी जे.रविंदर गौड ने बताया कि हाईवे की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसमें सिपाही, दरोगा, चौकी इंचार्ज, थाना प्रभारी और सीओ जिम्मेदार होंगे। एसपी सिटी और एसपी देहात रात में खुद हाईवे पर राउंड करेंगे। एसपी सिटी मानसिंह चौहान ने शनिवार रात जीरोमाइल, मोदीपुरम, दौराला, कंकरखेड़ा बाईपास, परतापुर तिराहे पर पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस को सख्त निर्देश दिए। वहीं, एसपी देहात राजेश कुमार ने बिजली बंबा बाईपास, हापुड़ रोड और गढ़ रोड का राउंड लिया।