आठ साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी रोहित उर्फ काकू को सहारनपुर पुलिस ने दिल्ली रोड पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़ा गया आरोपी रोहित लूट के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा और मोटरसाइकिल बरामद की है।
गुरुवार देर रात सदर कोतवाली पुलिस दिल्ली रोड पर ग्राम मवीकलां के निकट चेकिंग कर रही थी। लगभग डेढ़ बजे दो युवक मोटरसाइकिल पर आते हुए नजर आए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पुलिस पर फायरिंग कर भाग निकले। सूचना पर कुतुबशेर थाना पुलिस और स्वाट टीम भी पहुंच गई और आरोपियों की घेराबंदी की। छिंदवाना रोड पर पुलिस ने दोनों बदमाशों को घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने पर एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश 25 हजार रुपये का इनामी रोहित उर्फ काकू पानीपत (हरियाणा) का रहने वाला है। 2011 में सदर कोतवाली क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। तभी से पुलिस काकू को तलाश कर रही थी। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मोबाइल फोन बरामद किया है। एसपी सिटी ने बताया कि काकू ने पुलिस पूछताछ में बताया कि फरार बदमाश सुरेंद्र है। बरामद मोटर साइकिल उन्होंने पांच माह पूर्व सहारनपुर से ही चोरी की थी।
दस पुलिसकर्मियों की घेराबंदी से भी बच निकला सुरेंद्र
गुरुवार रात पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ में एक बदमाश सुरेंद्र पुलिस को चकमा देकर बच निकला, जबकि सदर कोतवाली, कुतुबशेर थाना एवं स्वाट टीम के दस पुलिसकर्मियों ने बदमाशों की घेराबंदी की थी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/