झिंझोखर गांव में मकान की दीवार को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक को जमकर पीटा और उसके ऊपर ईख के पुआल डालकर आग लगा दी। किसी तरह युवक ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया और पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
झिंझोखर निवासी राकेश (35) पुत्र राज कुमार डॉक्टर है। लखवाया गांव में उसकी क्लिनिक है। शुक्रवार रात वह घर की छत पर कमरे में था। पड़ोसी अनुज, कन्हैया, अनमोल, विनोद और उसकी पत्नी सुमन भी छत पर थे। इस बीच दोनों पक्षों में मकान के बीच बनी दीवार को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी हुई तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान पड़ोसियों ने राकेश की जमकर धुनाई की और उस पर ईख कीपुआल डालकर आग लगा दी। इस पर जली हुई हालत में राकेश वहां से जान बचा कर भागा। परिजनों और पुलिस ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अनुज, कन्हैया, अनमोल, विनोद व उसकी पत्नी सुमन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।