बाइक सवार दो बदमाशों ने सोमवार रात सरधना रोड पर ढाबा मालिक की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और महिला से प्रेम प्रसंग को लेकर पुलिस जांच कर रही है। मृतक के भाई ने अपने दोस्त समेत दो आरोपियों के खिलाफ थाना कंकरखेड़ा पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार पवन कुमार (38) पुत्र श्रीराम निवासी सैनिक विहार नंगलाताशी का सरधना रोड पर आपका ढाबा था। सोमवार रात करीब आठ बजे हथियारबंद दो बदमाश बाइक से ढाबे पर पहुंचे। पवन रोजाना की तरह ढाबे पर बैठा था। बदमाशों ने ढाबे में घुसते ही पवन पर गोलियां बरसा दीं और तेजी के साथ फरार हो गए। पवन को चार गोलियां लगीं। सूचना पर इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा प्रशांत कपिल और सीओ दौराला बीएस वीर कुमार मौके पर पहुंचे और पवन को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी पर परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो पवन का शव देखकर कोहराम मच गया। पवन के भाई राजू ने दीपक निवासी दायमपुर व एक अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
हत्या में जेल गए थे दीपक और राजू
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी के विवाद में अशोक पुत्र दलेल सिंह की उसके दोस्त ऋषि कुमार, दीपक, राजू व मनीष ने दायमपुर गांव में शराब पिलाकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद शव बिटौड़े में फूंक दिया था। अशोक के परिजनों ने अंडरवियर और अधजले शरीर को देखकर उसकी शिनाख्त की थी। पुलिस ने राजू व दीपक को जेल भेजा था।
कोर्ट से हो चुकी उम्र कैद
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2006 में दायमपुर निवासी कालू पुत्र रघुवीर की हत्या हुई थी। जिसमें पवन और उसके भाई राजू को उम्रकैद की सजा हुई थी। दोनों ने हाईकोर्ट में अपील की थी और जमानत पर छूटे हुए थे। मामला अब तक भी कोर्ट में विचाराधीन है।
चश्मदीद बना नौकर
हत्या के चश्मदीद पवन के नौकर लालचंद ने बताया कि दोनों हत्यारे बेखौफ होकर गोलियां चला रहे थे। वह कुछ करना चाहता था। लेकिन कर नहीं पाया और बदमाशों को देखकर वह भी छिप गया था।
महिला को लेकर विवाद
वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि पवन की पत्नी की कई साल पहले मौत हो गई थी। उसका एक लड़का और एक लड़की है। पवन के साथ एक महिला लिव इन में रह रही थी। इस महिला को लेकर दीपक और पवन में विवाद हुआ था। 10 दिन पूर्व दीपक और राजू के बीच झगड़ा हुआ था। हो सकता है कि इसी महिला के विवाद में दीपक ने पवन की हत्या की हो। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है। सीओ दौराला ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।