एनएच-58 स्थित परतापुर तिराहे पर कपड़े की कढ़ाई के कारीगर लईक की हत्या के मामले में पुलिस उलझ गई है। पुलिस का दावा कि दोनों शूटरों ने हत्या करना कबूल कर लिया है। लेकिन सुपारी किस व्यापारी ने दी, उसका नाम नहीं बता रहे हैं। हत्या के कारणों को लेकर पुलिस अभी असमंजस की स्थिति में है। सुपारी देने वाले व्यापारी की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की टीम दिल्ली में छानबीन कर रही है।
मवाना के सठला गांव निवासी लईक की रविवार देर रात परतापुर तिराहे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लईक के साथ उसके चार दोस्त शोएब, अली अब्बास, बाबर, कादिर स्विफ्ट गाड़ी में साथ थे। जोकि हत्या के चश्मदीद गवाह हैं। इन दोस्तों को पुलिस हिरासत में लेकर तीन दिन से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने दिल्ली के दो शूटरों दानिश और सलमान को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा कि दोनों शूटरों ने लईक की हत्या सुपारी लेकर करना कबूल किया है। लेकिन सुपारी देने वाला कौन है और उसका उद्देश्य क्या है, इसके बारे में दोनों आरोपी सही जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। लईक की सटीक रेकी उसके कौन से साथी ने की, उसका नाम भी आरोपी नहीं बता रहे। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि दोनों आरोपी हत्या करना बता रहे हैं। लेकिन हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है। इसको देखते पुलिस अभी जांच करने में जुटी है।
कैसे खुद आए दोनों शूटर
पुलिस के मुताबिक दोनों शूटर दानिश और सलमान आसानी से पुलिस को मिल गए है। पुलिस ने उनको एक माध्यम के जरिये फोन कराया और वह खुद ही पुलिस के पास आ गए। इसको लेकर भी पुलिस असमंजस की स्थिति में है। हाईवे पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या करने वाले शूटर आसानी से कैसे गिरफ्तार हुए है, यह बात पुलिस के गले नहीं उतर रही है।
किसी को बचाने की साजिश
पुलिस की मानें तो लईक हत्याकांड में किसी को बचाने की साजिश चल रही है। जिन दो आरोपियों ने हत्या करना बताया, उनके खिलाफ पहला कोई मुकदमा दज्र नहीं है। उनकी खुद की कोई दुश्मनी नहीं बताई गई और न ही हत्या का खास उद्देश्य। गाड़ी परतापुर तिराहे पर रुकेगी और उनको लईक को ही निशाना बनाना था, इसकी जानकारी बताने पर दोनों शूटर हिचकिचा रहे हैं।
दोस्त बताएं, किसने मारा लईक
लईक के भाई नदीम और चाचा वकील का कहना है कि गाड़ी में लईक के साथ उसके चार साथी मौजूद थे। चश्मदीद दोस्त सुहेल ने बताया कि बदमाशों ने उसको भी दो थप्पड़ मारे थे। चारों दोस्त बताएं कि लईक किसने और क्यों मारा है। हत्या का राज दोस्तों के जेहन में छुपा होने का आरोप लईक के परिजनों ने लगाया है। वे कहते हैं कि पुलिस सख्ती से चारों दोस्तों से पूछताछ करे, ताकि हत्या का खुलासा हो सके।
दूल्हे से होनी चाहिए पूछताछ
लईक के चाचा वकील का आरोप कि लईक अपने दोस्त यामीन की शादी में हापुड़ रोड पर शादी समारोह में आया था। वारदात की जानकारी दोस्तों ने यामीन और बारातियों को फोन करके दी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस को उसके दोस्त यामीन (दूल्हे) से भी पूछताछ करनी चाहिए। वहां से भी कुछ क्लू मिल सकता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से दूल्हे से पूछताछ करने की गुहार लगाई है।
कारण स्पष्ट नहीं
दो शूटर पुलिस ने पकड़े हैं, जो हत्या करना कबूल रहे हैं। लेकिन हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो रहा है। पुलिस की एक टीम दिल्ली रवाना हो गई है। सर्विलांस की टीम भी लगी है। वारदात का जल्द खुलासा होगा। -नितिन तिवारी, एसएसपी