सालेहपुर में मामूली से विवाद में दो पक्षों में मारपीट और पथराव हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद भी पीड़ितों पर पथराव किया गया। हत्या का शोर मचने पर ग्रामीण दौड़े, तो आरोपी फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने नौ लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सालेहपुर में रविवार को शेरदीन की बकरी पड़ोसी मेहरुद्दीन के घेर में घुस गई और चारा खाने लगी। मेहरुद्दीन की बेटी ने बकरी को वहां से भगा दिया। इसका शेरदीन पक्ष की महिलाओं ने विरोध किया। दोनों पक्ष की महिलाओं में कहासुनी हो गई। इसके बाद शेरदीन पक्ष के युवकों ने मेहरुद्दीन पक्ष की महिलाओं के साथ गालीगलौज और मारपीट कर दी। मेहरुद्दीन के बेटे जावीद (18) ने इसका विरोध किया, तो शेरदीन पक्ष के युवक ने उस पर तमंचे से गोली चला दी। गर्दन में गोली लगते ही जावीद गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इसके बाद भी हमलावर नहीं गए और जावीद को बचाने आए पिता मेहरुद्दीन और चचेरे भाई रियाजुद्दीन पर पथराव कर दिया। जावीद का मौत का हल्ला मचा, तो हमलावर फरार हो गए।
सूचना पर जानी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेने का प्रयास किया। लेकिन हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव नहीं उठाने दिया। काफी समझाने के बाद ग्रामीण माने। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन वे हाथ नहीं आ सके। दोनों पक्षों में तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया है। रियाजुद्दीन ने नासिर, शादाब, इमरान, शेरदीन, शौकत, भूरा, करीम, आसिफ और करीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जानी थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के दबिश दी जा रही है।
ईद के बाद होना था जावीद का निकाह
रियाजुद्दीन ने बताया कि कुछ माह पहले जावीद का रिश्ता बहरामपुर गांव में हुआ था। वहां दूसरे पक्ष की भी रिश्तेदारी है। रिश्ता होने से दूसरा पक्ष नाराज था। इस रिश्ते को लेकर दोनों पक्षों में कई बार कहासुनी हो चुकी थी। शेरदीन पक्ष ने जावीद को जान से मारने की धमकी दी थी। रविवार को उसकी हत्या कर दी गई।