शास्त्रीनगर डी ब्लॉक स्थित श्री 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन पंचायती मंदिर के स्थापना दिवस पर श्री जी की रथ यात्रा निकाली। यात्रा का शहर में जगह-जगह पुष्प वर्षा करके स्वागत किया गया। बैंडबाजों से निकल रही धार्मिक धुनों से शहर भक्तिमय हो गया।
शोभा यात्रा में एक रथ पर श्रीजी विराजमान रहे। साथ ही झंडे, बैनर, ताशा, शहनाई, ऐरावत हाथी की झांकी के साथ बग्गियां, बैंडबाजे चल रहे थे। भजन मंडली भक्ति संगीत व नृत्य करते चल रही थी। झांकियों में सती चंदन बाला की झांकी भगवान महावीर का संदेश जियो और जीने दो ने सभी का मन मोह लिया। अमित जैन और राहुल जैन श्रीजी को लेकर बैठे थे। श्रीजी का सारथी बनने का सौभाग्य प्रभात जैन और विकास जैन को मिला। विनोद ़जैन और मुकेश जैन श्रीजी के इंद्र के रूप में रहे। रथ यात्रा डी ब्लॉक जैन मंदिर से प्रारंभ होकर डी ब्लॉक, कुटी चौपला, एच ब्लॉक, एफ ब्लॉक होते हुए जैन मंदिर सेक्टर दो पहुंची। यहां पर श्रीजी का अभिषेक किया गया। यहां से सेक्टर दो, तीन व सेंट्रल मार्केट होते हुए जैन मंदिर डी ब्लॉक शास्त्रीनगर वापस पहुंची। श्रीजी का अभिषेक हुआ और श्रीजी को मंदिर में विराजमान किया गया। रथ यात्रा में देवेंद्र कुमार जैन, मेघनंद जैन, अजेंद्र कुमार जैन, डीके जैन, नवीन जैन, दर्शन लाल जैन, अमित जैन, मेहुल जैन, संतोष जैन, सुमन जैन, अर्चना जैन, राजरानी जैन आदि मौजूद रहे।