मुजफ्फरनगर जनपद में कस्बा मीरापुर के मोहल्ला कोटला में घर के बाहर गाली-गलौज करने से रोकने पर वृद्ध की पीटकर हत्या कर दी गई। वृद्ध को बचाने पहुंचे उसके बेटे और बेटी पर भी हमला कर कर दिया गया। मामले में चार हमलावरों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सभी आरोपी फरार हैं, पुलिस आरोपियों की तलाश करने में लगी है।
मीरापुर कस्बे के मोहल्ला कोटला निवासी महताब (62) के बेटे शादाब ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उसमें बताया कि उनके घर के बाहर रविवार रात करीब नौ बजे कुछ लोग आपस में गाली-गलौज कर रहे थे। महताब ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि घर से बाहर खींचकर महताब को नीचे गिराकर बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर शराबा सुनकर उनके बेटे फरमान व शाहवेज और बेटी चांदनी बचाने पहुंची तो उन पर भी धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया, जिससे वह भी घायल हो गए। भीड़ इकट्ठा होने पर आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। परिजन गंभीर हालत में महताब को चिकित्सक के यहां ले गए, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ के एक हॉस्पिटल में उपचार के दौरान महताब की मौत हो गई, जिस पर परिजन शव लेकर घर लौट आए।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर: भाई और भाभी ने की युवक की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी दंपती फरार