सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में एक असिस्टेंट प्रोफेसर ने सीनियर रिसर्च फैलो से छेड़छाड़ कर दी। जिसके बाद युवती के परिजनों ने असिस्टेंट प्रोफेसर की धुनाई कर दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तहरीर न देने के कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। वहीं असिस्टेंट प्रोफेसर ने आरोप को बेबुनियाद बताया है।
कृषि विवि के एग्रीकल्चर कॉलेज के एक विभाग में मेरठ निवासी युवती सीनियर रिसर्च फैलो है। बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे वह लैब में काम कर रही थी। आरोप है कि एक असिस्टेंट प्रोफेसर ने उसे अपने केबिन में बुलाया और छेड़छाड़ कर दी।
युवती ने शोर मचाया तो अन्य छात्राएं आ गईं। युवती ने फोन करके परिजनों और पुलिस को बुला लिया। दौराला एसएसआई उपेंद्र मलिक मौके पर पहुंच गए। युवती के पिता व परिजनों ने पुलिस के सामने ही असिस्टेंट प्रोफेसर की धुनाई कर दी। कुछ शिक्षकों ने बीचबचाव कराया।
इस दौरान युवती काफी घबराई हुई लग रही थी। वह ठीक से बोल भी नहीं पा रही थी। इस घटना की जानकारी होने पर कुलपति डा. गया प्रसाद ने सुरक्षा अधिकारी वीके कटारिया को मौके पर भेजा। वहीं विवि प्रशासन और कुछ शिक्षक इस मामले को दबाने में जुटे रहे। यह भी चर्चा रही कि पुलिस के सामने ही शिक्षक ने छात्रा से माफी मांगी।
विवि में होती रही है छेड़छाड़
विवि में करीब डेढ़ साल पहले भी एक शिक्षक ने युवती से छेड़छाड़ की थी। तत्कालीन कुलपति ने शिक्षक का ट्रांसफर बुलंदशहर कर दिया था। इसके अलावा एक साल पहले महिला शिक्षिका से वित्त नियंत्रक के चालक ने शराब के नशे में छेड़छाड़ कर दी थी। कुलपति ने चालक का ट्रांसफर उझानी कर दिया था।