मेरठ में शस्त्र लाइसेंसधारी अपराधियों को धड़ल्ले से कारतूस बचे रहे हैं। वे चार गुना कीमत पर डीलिंग कर रहे हैं। पंचायत चुनाव में शस्त्र लाइसेंस थानों में जमा कराने के दौरान इसकी पोल खुली है। इस मामले में एक शस्त्र लाइसेंसधारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पंचायत चुनाव में खूनखराबा होने की आशंका के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने जिले में शस्त्र लाइसेंसों को जमा करने की प्रक्रिया शुरू की है। लाइसेंसधारकों से पूछा जा रहा है कि उन्होंने कितने कारतूस लिए और कितने इस्तेमाल किए। आईजी रेंज के निर्देश पर मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद और बागपत में जांच कराई गई। इसमें पता चला कि अपराधियों को भी कारतूस बेचे जा रहे हैं।
अपराधियों ने ही बता दिया सच
हापुड़ पुलिस ने अपराधी इसरार निवासी राधना किठौर, बीरबल निवासी टकिया अमरोहा, अफसार निवासी ककरवा मिलक नखासा संभल और मुन्नर निवासी अजराड़ा मुंडाली को गिरफ्तार किया। इनसे कारतूस बरामद किए। आरोपियों ने बताया है कि उन्होंने लाइसेंसधारकों से कारतूस खरीदे हैं। दो लाइसेंसधारक जाने आलम निवासी मुंडाली व सलीम निवासी सरधना का नाम सामने आया है। पुलिस ने जाने आलम को गिरफ्तार कर लिया है, दूसरा फरार हो गया।
100 कारतूस में से 80 अपराधी को बेचे
लाइसेंसधारी जाने आलम ने 100 कारतूस हापुड़ गन हाउस नाम की दुकान से लिए थे। इसमें से वह 80 कारतूस अपराधियों को बेच चुका है। जाने आलम को गिरफ्तार करने के बाद उसका शस्त्र लाइसेंस भी निरस्त किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: तस्वीरें: बाबू जी धीरे चलना... दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर है बड़ा खतरा, सामने आई ये बात
435 लाइसेंसधारी नहीं दे पाए कारतूसों का हिसाब
मेरठ रेंज के मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद और बागपत जिले में 435 लाइसेंसधारी गन हाउस से मिले कारतूसों का हिसाब नहीं दे पाए। पुलिस जांच कर रही है कि किस-किस अपराधी ने ऐसे कारतूस खरीदे हैं।
जांच करा रहे हैं
पंचायत चुनाव में पुलिस शस्त्र लाइसेंस और अवैध असलहों पर बारीकी से जांच कर रही है। हापुड़ के जिले में एक गिरोह पकड़ा है, जिसने लाइसेंसधारकों से कारतूस खरीदने की बात कही। ऐसे अन्य लाइसेंसधारियों के कारतूसों के रिकार्ड की जांच की जा रही है।
- प्रवीण कुमार, आईजी मेरठ रेंज
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/