फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोमवार को ध्वस्त होगा अलकरीम होटल

Sat, 19 Mar 2016 01:37 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/मेरठ
विज्ञापन
घंटाघर स्थित होटल अलकरीम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
घंटाघर स्थित होटल अलकरीम को एमडीए ने ध्वस्त करने की तैयारी कर ली है। इस बाबत एमडीए के कार्यवाहक वीसी ने आदेश जारी कर दिया है। ध्वस्तीकरण की तिथि 21 मार्च मुकर्रर करते हुए एसपी सिटी को पत्र लिखा है कि वह पीएसी तथा पुलिस को उचित प्रबंध करें। इससे होटल मालिक एवं व्यापारियों में खलबली मच गई है। उन्होंने कहा है कि इस बिल्डिंग पर कोर्ट से स्टे हैं और एमडीए की इस कार्रवाई का विरोध होगा।
विज्ञापन

होटल अल करीम को लेकर एमडीए ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। दरअसल नगर निगम के साथ इसकी जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है पर एमडीए ने कार्रवाई करने की पूरी तैयारी की है इसका मानचित्र न होने के कारण। एमडीए अधिकारियों का कहना है कि यहां नीचे की दुकानें तो निगम ने आवंटित कर रखी हैं पर ऊपर के भवन की कोई अनुमति नहीं है। बिना मानचित्र के ही ऊपर की बिल्डिंग बनाकर खड़ी कर दी गई। इस बाबत होटल मालिक को नोटिस जारी किए गए, लेकिन उन्होंने खुद इस भवन को ध्वस्त नहीं किया। ऐसे में इस होटल की ऊपरी मंजिल को ध्वस्त किया जाएगा। एमडीए के कार्यवाहक वीसी एवं सचिव कुमार विनीत ने इस बाबत आदेश जारी कर दिया है। 21 मार्च को एमडीए की टीम यहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगी। जोन प्रभारी आर के गुप्ता के मुताबिक ध्वस्तीकरण की तैयारी पूरी कर ली गई है।
विज्ञापन


पीएसी भी मांगी गई
इस बाबत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसपी सिटी के अलावा थाना देहली गेट पुलिस को भी पत्र जारी किया है। कहा गया है कि इस ध्वस्तीकरण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल का इंतजाम किया जाए। यहां किसी तरह का विरोध न हो इसके लिए पीएसी भी मांगी गई है। एमडीए के अधिकारियों को भी कहा गया है कि वे टीम के रूप में यहां मौजूद रहें।

व्यापारियों में उबाल, करेंगे विरोध
मेरठ व्यापार मंडल की एक बैठक घंटाघर कार्यालय पर हुई। इसमें एमडीए की कार्रवाई का विरोध करने का एलान किया गया। जिलाध्यक्ष जीतू नागपाल ने कहा कि एमडीए जबरन होटल अल करीम को तोड़ने की बात कह रहा है। नगर निगम के साथ चल रहे इस प्रकरण पर सिविल कोर्ट ने स्टे दे रखा है। ऐसे में एमडीए यह कार्रवाई नहीं कर सकता। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि एमडीए की इस धमकी से होटल मालिक हाजी नासिर की तबीयत बिगड़ गई है। 
    कहा कि एमडीए की इस कार्रवाई का सभी मिलकर विरोध करेंगे। बैठक में मोनू अलवी, फजले अजीम, सोहेल प्रधान, शकील अहमद, अभिषेक पंडित, जगमोहन शाकाल, गिरीश पंडित, आरिफ अंसारी, वसील अब्बासी, शमशाद, आरिफ, शेखर आदि मौजूद थे।

अन्य स्थानों पर भी चलेगा अभियान
शनिवार को भी एमडीए जानी थाना क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान चलाएगा। मार्च में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा 22, 29 तथा 30 मार्च को भी एमडीए अधिकारियों ने कई स्थानों पर ध्वस्तीकरण का प्लान बनाया है।

होटल अल करीम की ऊपरी मंजिल का निर्माण बिना मानचित्र के किया गया है। यह पूरी तरह से अनाधिकृत है। ऐसे में सोमवार को उसका ध्वस्तीकरण होगा। पुलिस अधिकारियों को भी पत्र लिखकर इसके लिए पुलिस बल मांगा गया है। -कुमार विनीत, कार्यवाहक वीसी, एमडीए
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें