महिला की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया। शनिवार दोपहर परतापुर के कांशी गांव के तालाब से महिला की लाश बोरे में मिली तो सनसनी फैल गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला जा सका। शव की शिनाख्त न होने पर उसे मोर्चरी भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गांव के बाहर स्थित इस तालाब से दो दिनों से ग्रामीणों को दुर्गंध आ रही थी। दोपहर करीब 12 बजे कुछ युवकों ने तालाब में एक बोरा तैरता देखा, तो वहां अन्य ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर इंस्पेक्टर परतापुर दीपक शर्मा भी पहुंच गए। तालाब से बोरा निकलवाया गया तो उसमें महिला का सड़ा गला शव मिला तो पुलिस के भी होश उड़ गए। फोरेंसिक एक्सपर्ट भी मौके पर बुला लिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला का शव आठ से दस दिन पुराना है। महिला की उम्र करीब 30 साल मानी जा रही है। शरीर पर सूट सलवार था। कई दिनों तक पानी में पड़ा रहने से शव फूल गया था। शिनाख्त होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कहीं ओर की गई हत्या
इंस्पेक्टर के अनुसार महिला शादीशुदा हो सकती है। अंदेशा है कि हत्या कहीं दूसरी जगह करने के बाद शव यहां ठिकाने लगाने के लिए तालाब में फेंका गया। शव की शिनाख्त कराने के लिए मेरठ जोन के सभी थानों को सूचना दे दी गई है।
इससे पहले मिले महिला के शव
- मवाना नहर से चार माह पहले शव मिला
- हस्तिनापुर में तीन माह पहले लावारिस शव मिला
- तीन माह पहले थापरनगर नाले में शव मिला
- दो माह पहले गढ़ रोड पर काली नदी के पास शव मिला