यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में आरएसएस के जिला बौद्धिक प्रमुख सोमपाल सैनी को गोली मारने के आरोपी को फुगाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तमंचा, एक खोखा कारतूस व एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
बता दें कि शुक्रवार को फुगाना थाने के गांव हबीबपुर सीकरी के रहने वाले आरएसएस के जिला बौद्धिक प्रमुख सोमपाल सैनी को खेत से चारा काटते समय पीछे से गोली मार दी गई थी। खून से लथपथ गंभीर हालत में सोमपाल सैनी को कस्बे की सीएचसी पर प्राथमिक उपचार देने के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया था। केंद्रीय पशुधन राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के निर्देश पर मेडिकल कॉलेज में सोमपाल सैनी को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया था।
यह भी पढ़ें: पत्रकार हत्याकांड: दो भाइयों के मर्डर की असली वजह तलाश रही पुलिस, इन सवालों में छिपे हैं कई गहरे राज
फुगाना के धानाध्यक्ष अक्षय शर्मा ने बताया कि गोली मारने के आरोपी हबीबपुर गांव के ही रोहित पुत्र महिपाल को गिरफ्तार कर लिया गया और उसकी निशादेही पर गोली मारने में प्रयुक्त देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस व एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने रंजिश के कारण गोली मारना स्वीकार किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि उसका चालान कर दिया गया।