मुजफ्फरनगर जिले के रेशू विहार में रेलवे ट्रैक पर बुधवार को राजेश नामक युवक शव पड़ा मिला। मृतक के परिजनों ने शहर के दो बड़े कारोबारियों पर राजेश का उत्पीड़न करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। देर रात दोनों कारोबारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। दोनों आरोपी पूर्व विधायक विष्णु स्वरूप के पुत्र हैं।
जानकारी के अनुसार अवध विहार निवासी सोनू नामक युवक बुधवार सुबह किसी काम से रेशू विहार फाटक की तरफ गया था। वहां जंगल में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा देख उसने पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की तलाशी ली तो एक आधार कार्ड बरामद हुआ। इसके आधार पर शव की शिनाख्त मोहल्ला रामलीला टिल्ला निवासी राजेश (32 वर्ष) पुत्र प्रताप सिंह के रूप में हुई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने शहर के दो बड़े कारोबारियों पर युवक के रुपये हड़पने और उसका मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर भाजपा के शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया। देर रात मृतक के भाई चमन सिंह की ओर से नई मंडी थाने में एक एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें कहा गया है कि राजेश ने कुछ माह पूर्व शाहजी ज्वैलर्स के अजय स्वरूप बंसल और आशुतोष बंसल को सात लाख रुपये पगड़ी देकर सदर बाजार में एक दुकान किराए पर लेना तय किया था।
आरोप है कि सात लाख रुपये लेने के बावजूद दोनों बड़े कारोबारियों ने राजेश को दुकान नहीं दी। उल्टे किराया बढ़ाकर देने का राजेश पर दबाव बनाया। इससे राजेश मानसिक तनाव में था। आरोप है कि उक्त दोनों कारोबारियों के दबाव के चलते ही युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट में नामजद अजय स्वरूप बंसल और आशुतोष बंसल पूर्व विधायक विष्णु स्वरूप के पुत्र और पूर्व मंत्री चितरंजन स्वरूप के भतीजे हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/