मेरठ जनपद में सरधना के औरंगनगर रार्धना में सोमवार देर रात सनसनीखेज वारदात हो गई। पत्नी के प्रेमी को पति और ससुराल वालों ने घर बुलाकर मारपीट कर छत से फेंक दिया। जिसके बाद धारदार हथियार और लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला। बीच-बचाव में आई प्रेमिका की भी पिटाई कर दी गई। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर चार आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं।
थानाध्यक्ष सरधना उपेंद्र मलिक ने बताया कि गांव औरंगानगर रार्धना निवासी तेजपाल उर्फ पप्पू पुत्र धूम सिंह ने मंगलवार को गांव के ही नरेश व राकेश पुत्र बाबू, बिट्टू पुत्र ओमबीर, पंकज उर्फ पंछू पुत्र राकेश और सोनू पुत्र ओमबीर के खिलाफ उसके 22 साल के बेटे नकुल की हत्या करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई। दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उसके बेटे नकुल के गांव की एक महिला से प्रेम संबंध थे। मंगलवार 14 अप्रैल की रात्रि में महिला का पति नरेश पुत्र बाबू उसके बेटे को घर से बुलाकर ले गया। जिसमें पत्नी के नकुल से प्रेम प्रसंग को लेकर पहले तो मकान की छत पर मारपीट की गई और फिर से उसे छत से धक्का दे दिया गया, जिसमें नकुल गंभीर घायल हो गया।
तेजपाल का आरोप है कि घायल नकुल पर उसके बाद भी लाठी व डंडों व धारदार हथियार से हमला किया गया। बीच बचाव में आई प्रेमिका महिला के साथ भी मारपीट की गई।
तेजपाल ने बताया कि सूचना पर वह भी परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल नकुल को तड़पता देख इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नकुल को सीएचसी भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तेजपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस मामले में हत्यारोपी नरेश, राकेश, पंकज उर्फ पंछू और बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/