सहारनपुर के छुटमलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को दस हजार का इनामी बदमाश थाने पहुंचा और एसओ को अपना परिचय देकर आत्मसमर्पण कर जेल भेजने की बात कही। बदमाश पर गंभीर धाराओं में 20 मुकदमे थाना फतेहपुर में दर्ज हैं और दो में वो वांछित चल रहा है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार अपने कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान थाना क्षेत्र के गांव गंदेवड़ा निवासी शमीम पुत्र अब्दुल अजीज आया और एसओ के सामने हाथ जोड़कर कहने लगा कि साहब मुझे जेल भेज दो। एसओ ने जेल जाने की वजह पूछी तो उसने बताया कि वह दस हजार का इनामी बदमाश है। एसओ ने तत्काल उसकी कुंडली खंगाली तो पता चला कि उसके ऊपर गैगस्टर, गुंडा एक्ट, गोकशी, धारा 307 सहित 20 मुकदमे थाना फतेहपुर में दर्ज हैं।
आरोपी गैंगस्टर, गोकशी सहित आईपीसी की धारा 307 में वांछित भी चल रहा है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। शमीम ने एसओ को बताया कि वह अब अपराध से तौबा करना चाहता है। उसे सुधरने का मौका दिया जाए। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस के डर से आत्मसमर्पण करने वाले शमीम को जेल भेज दिया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/