सड़क दुर्घटना में महिला सहित चार घायल
मवाना। क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। दो घायलों को गंगानगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं घायल हुए बाइक सवार दंपती को सीएचसी लेजाया गया।
मंगलवार देर रात परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव धनपुरा निवासी दो युवक गांव के लिए बाइक से लौट रहे थे। सांधन पुलिया के पास बाइक फिसल जाने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मवाना खुर्द चौकी पुलिस ने दोनों घायल को गंगानगर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। वहीं बुधवार सुबह हस्तिनापुर रोड पर नहर पटरी के पास एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रामराज निवासी आफताब व उसकी पत्नी नसरीन घायल हो गई। घायलों को सीएचसी मवाना में उपचार दिलाया गया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि धनपुरा गांव निवासी घायलों के परिजनों ने कोई शिकायत नहीं की गई है। उनके नाम की भी जानकारी नहीं हो सकी है। वहीं दूसरे घायल भी बिना कार्रवाई के लौट गए।