हथियार सप्लायरों से बरामद किए तमंचे
कंकरखेड़ा। क्षेत्र के खड़ौली चौराहे से पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने दो तमंचे, चार कारतूस और दो बाइक बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। वहीं मौके से फरार दो आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मामले का खुलासा करते हुए थाना पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर खड़ौली चौराहे के पास से मौ. जैद पुत्र शकील अहमद व चंकित कुमार पुत्र जितेन्द्र निवासी रोशनपुर डौरली थाना पल्लवपुरम को अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करते गिरफ्तार किया गया था। मौके से उनका साथी याकूब पुत्र नूर मोहम्मद निवासी खड़ौली, सोनू निवासी जेवरी आदि फरार हो गए थे। पूछताछ में मो. जैद व चंकित ने बताया कि उन्होंने दोनों तमंचे व कारतूस मौके से फरार आरोपियों से दो-दो हजार रुपये में खरीदा था। आरोपियों के पास से दो बाइक भी बरामद हुई हैं। एसआई महेश चंद्र का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। बाकी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस ने बताया कि मो. जैद वैसे तो जिम ट्रेनर का काम करता है। जबकि चंकित प्राईवेट जॉब करना बता रहा है। लेकिन दोनों के खिलाफ इससे पहले भी कंकरखेड़ा थाने में आर्म्स एक्ट व 307 का केस दर्ज है। दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं।
खास बातें:
दोनों आरोपियों के पास दो बाइक भी मिलीं, जेल भेजा