मेरठ। ईस्टर्न कचहरी रोड पर शनिवार दिनदहाडे़ एक नवविवाहिता को ससुराल वालों ने अगवा करने की कोशिश कर डाली। इस दौरान मायके और ससुराल वालों में मारपीट हो गयी। पुलिस ने एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मीरापुर मुजफ्फरनगर निवासी जाहिदा की शादी करीब आठ माह पूर्व लावड़ निवासी अब्दुल्ला से हुई थी। पति से विवाद होने पर जाहिदा ने बिना बताए अपने मायके आकर महिला थाने में शिकायत कर दी। महिला थाना पुलिस ने शनिवार को दोनों पक्षों को बुलाया था। आरोप है कि अब्दुल्ला और उसके परिजनों ने ईस्टर्न कचहरी रोड स्थित यशलोक हॉस्पिटल के पास जाहिदा को जबरन रिक्शा से खींचकर कार में डालने का प्रयास किया। इस दौरान गालीगलौज और मारपीट होने पर अपहरण का शोर मचा तो भीड़ ने ससुराल वालों को घेर लिया। सूचना पर पहुंची सिविल लाइन पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गयी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अब्दुल्ला के चाचा अताउल्ला खां को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर धीरज शुक्ला के अनुसार महिला की तहरीर पर पति समेत पांच लोगाें पर अपहरण के प्रयास का केस दर्ज हुआ है।
पीटते हैं ससुराल वाले
अब्दुल्ला के परिजनों ने आरोप लगाया कि मायके वाले जाहिदा को साथ नहीं रहने देना चाहते। जाहिदा ने ही फोन करके बुलाया था। वहीं, जाहिदा ने कहा कि ससुराल वाले उसे पीटते हैं। जबरन उसे उठाकर ले जाना चाहते थे। वहीं, मौके पर लोगों ने मामला छेड़छाड़ और अपहरण का समझकर ससुराल वालों को पीटकर वीडियो भी बना ली थी। पुलिस के पहुंचने पर पता चला कि मामला दंपति में विवाद से जुड़ा है।