शहर में सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर पब्लिक ने एक महिला और एक युवक को चोरी करते हुए पकड़ लिया। इसके बाद उनकी जमकर धुनाई की और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में उन्होंने कई वारदात करना कबूल किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों के अलग-अलग गिरोह से जुड़े हैं।
टेंपो में महिला ने उड़ाए छह हजार
गंगानगर निवासी रविकांत मित्तल सोमवार सुबह टेंपो से बेगमपुल जा रहे थे। कमिश्नर आवास चौराहे से टेंपो में एक महिला सवार हुई। बेगमपुल पर रविकांत मित्तल ने अपनी जेब देखी तो उनके छह हजार रुपये गायब थे। रविकांत के शोर मचाने पर टेंपो में सवार महिलाओें ने संदिग्ध महिला की तलाशी ली। जिसके पास छह हजार रुपये मिले। इसके बाद महिलाओं ने आरोपी महिला की धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी महिला शशि पत्नी संजय निवासी हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया।
रोडवेज बस में पर्स और मोबाइल चुराया
सकौती निवासी अमरसिंह रोडवेज बस में सवार होकर गाजियाबाद से लौट रहे थे। सोमवार दोपहर अमरसिंह की जेब से बस में सवार एक युवक ने पर्स और मोबाइल चोरी कर लिया। अमरसिंह ने आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया। दिल्ली रोड स्थित केसरगंज में आरोपी ने उतरने का प्रयास किया तो लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची देहलीगेट थाना पुलिस ने आरोपी आबिद निवासी लिसाड़ीगेट को गिरफ्तार कर लिया।