खरखौदा। कस्बा निवासी भाजपा नेता के खाते से 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर बाद में हापुड़ में एटीएम के माध्यम से निकाल लिये। सोमवार को खाता धारक रुपये निकालने बैंक शाखा पहुंचा तो उसे जानकारी हुई। इस मामले में व्यापारी ने साइबर सेल में शिकायत की है।
कस्बा निवासी भाजपा नेता रोहित गुप्ता व्यापारी है। उसका खरखौदा की भारतीय स्टेट बैंक शाखा में बचत खाता है। व्यापारी के अनुसार वह आठ मार्च को स्टेट बैंक शाखा के एटीएम से नकदी निकालने पहुंचा। उसने मशीन में कार्ड लगाया तो मशीन में कुछ तकनीकी खराबी होने लगी। इसी दौरान वहां पहुंचे दो युवकों ने बताया कि शायद आपके खाते में रकम नहीं है। इसके बाद व्यापारी बैंक गया तथा विड्रॉल के जरिए रकम निकाली। जब सोमवार को व्यापारी फिर रकम निकलाने बैंक शाखा पहुंचा तो खाते से रकम गायब मिली। जिस पर व्यापारी ने बैंक शाखा में जाकर जानकारी ली तो पता चला कि बीती आठ मार्च को ही मथुरा निवासी भूरी सिंह के नाम पर 40 हजार की रकम ट्रांसफर किए गए हैं। वहीं, बाद में उसी दिन हापुड़ में उक्त रकम एटीएम के माध्यम से निकाली गई। व्यापारी ने सोमवार को इस मामले में मेरठ साइबर सेल में शिकायत की है।