सोतीगंज में पुलिस पर हमला, कबाड़ी छुड़ाया
- वाहन चोरी के मामले में दबिश देने गई थी लालकुर्ती पुलिस
- कबाड़ियों की भीड़ जुटने पर पहुंची फोर्स, आरोपी का सुराग नहीं
मेरठ।
सोतीगंज में बृहस्पतिवार को दबिश देने गई लालकुर्ती पुलिस को घेरकर कबाड़ियों ने मारपीट की। इस दौरान पुलिस की गिरफ्त में आए एक बैटरी चोर व कबाड़ी को उसके परिवार की महिलाओं व अन्य लोगों ने छुड़ा लिया। पुलिस से मारपीट की सूचना पर सदर बाजार, रेलवे रोड पुलिस फोर्स के साथ पहुंची। इस बीच आरोपी फरार हो गया। हंगामा के बीच सोतीगंज मेनरोड पर कुछ समय के लिए जाम लगा रहा।
लालकुर्ती पुलिस ने दो दिन पूर्व इंवर्टर-बैटरी चोर गिरोह के अंकित को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अंकित से चोरी का सामान भी बरामद हुआ था। पुलिस ने इसी गिरोह के कचहरी पुल के पास रहने वाले प्रदीप को दबोचा। उसकी निशानदेही पर बृहस्पतिवार को लालकुर्ती एसएसआई हेम सिंह सैनी ने सोतीगंज की ताज बिल्डिंग में एमआई बैटरी वर्कशॉप पर छापा मारा। एमआई वर्कशॉप पर जान मोहम्मद अपने बेटे इमरान के साथ बैठता है। नीचे दुकान और ऊपरी हिस्से में मकान है। पुलिस ने दुकान से इमरान को पकड़कर जीप में बैठा लिया। इस बीच इमरान के भाई अराफत ने शोर मचा दिया। परिवार की महिलाएं और आसपास के लोग जमा हो गए। उन्होंने पुलिस से मारपीट कर दी और बैटरी चोर इमरान को छुड़ाकर ले गए। पुलिस के साथ मारपीट की सूचना पर इंस्पेक्टर सदर बाजार सुभाष अत्री फोर्स के साथ पहुंचे।
पुलिस ने ठेकेदार से खुलवाया दरवाजा
इमरान को परिजन मकान में ले गए थे, जबकि पुलिस को अंदेशा था कि वह भाग निक ला। सूचना पर सदर थाने के अलावा लालकुर्ती से अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने सोतीगंज ठेकेदार मुर्सलीम से बातचीत कर मकान का दरवाजा खुलवाया। महिला पुलिस के साथ मकान की तलाशी ली, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। महिलाओं से पूछताछ कर पुलिस लौट गई।
वर्जन------
कड़ी कार्रवाई की जा रही
पुलिस के साथ मारपीट नहीं हुई है। कबाड़ी खुद भाग निकला। पूरे मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - रण विजय सिंह, एसपी सिटी
---------------------------
महिला ने समझी अपनी स्कूटी, हंगामा
मेरठ। ब्रह्मपुरी निवासी एक महिला की स्कूटी चोरी हुई थी। रात करीब आठ बजे महिला दिल्ली रोड पर जा रही थी। इस बीच सोतीगंज के पास एक युवक को रुकवा लिया और महिला ने बताया कि उसे शक है कि यह उनकी स्कूटी है। हंगामा हुआ तो सदर बाजार इंस्पेक्टर पहुंच गये। बाद में स्कूटी युवक की ही निकली।