क्राइम न्यूज, अमर उजाला अलीगढ़।
आठ माह की मासूम को गला दबाकर मौत के घाट उतारने वाली हत्यारी मां को गुरुवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। महिला के खिलाफ उसके पिता रोशन लाल ने तहरीर दी, जिसके आधार पर सासनी गेट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पूछताछ में उसने बताया कि वह पति से लड़ाई-झगड़े के कारण परेशान थी। बेटी को मौत के घाट के उतारने के बाद महिला को अपने कर्मों पर अफसोस हुआ।
पुलिस पूछताछ के दौरान वह बेटी को याद कर आंसू बहाने लगी। इधर, बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सासनी गेट इंस्पेक्टर अरुणा राय के मुताबिक बबली के पिता रोशनलाल निवासी भोलानाथ, सासनी गेट ने आठ माह की मासूम माही की हत्या के मामले में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर महिला के मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया है।
बता दें कि बबली दो दिन पहले अपने पति से झगड़ा कर आठ माह की बेटी माही को साथ लेकर मायके आ गई थी। यहां आने के बाद से वह काफी परेशान चल रही थी। बुधवार शाम को महिला ने खुद और बेटी सहित एक कमरे में बंद कर लिया। और बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इधर, उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही थी। हालांकि पुलिस रिकार्ड में इस प्रकार की कोई भी बात फिलहाल सामने नहीं आई है।