मेरठ। सिविल लाइन क्षेत्र में कार में जाम छलकाने के आरोपी इंस्पेक्टर एके सिंह को एसएसपी ने बृहस्पतिवार को सस्पेंड कर दिया। वहीं, उनकी कार से पकड़े गए युवक और युवती को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। एसएसपी ने इस मामले की जांच सीओ सिविल लाइन चक्रपाणि त्रिपाठी को सौंपी है।
इंस्पेक्टर सिविल लाइन धीरज शुक्ला ने बताया कि बुधवार रात मसीहनगर के लोगों ने हंगामा किया था। उनकी शिकायत पर यूपी 100 में तैनात इंस्पेक्टर एके सिंह व उनकी कार में सवार युवक और युवती को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। वहीं, सीओ यह भी जांच करेंगे कि नशे की हालत में युवक व युवती कार में क्या कर रहे थे।
मुझको पीटा, अभद्रता की
कार में मिली युवती का आरोप है कि कॉलोनी में गेट को लेकर विवाद चल रहा है। कॉलोनी के कुछ लोगों ने उसे पीटा और अभद्रता की। वह इंस्पेक्टर की कार से अपने बीमार पिता की दवाई लेने जा रही थी। कार में इंस्पेक्टर एके सिंह नहीं, बल्कि उनका चालक था। उसके साथ भी बदसलूकी की गई। इस मामले की शिकायत वह पुलिस के अधिकारियों से करेगी।