मेरठ/कंकरखेड़ा।
हर्षित हत्याकांड के आरोपियों की तलाश में मंगलवार को कंकरखेड़ा पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी की मां को जेल भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने हत्यारोपियों का गिरफ्तारी वारंट लेने के साथ ही उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है।
कंकरखेड़ा के अशोक नगर निवासी आठवीं के छात्र हर्षित चौधरी की घर में रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी थी। परिजनों ने रिश्तेदार पंकज और उसकी मां रेखा, दोस्त मनीष निवासी रोहटा समेत आठ लोगों को नामजद किया था। पुलिस ने बताया है कि हर्षित के बड़े भाई सुमित उर्फ शुभम का नामजद आरोपी पंकज की बहन से प्रेम प्रसंग था। आरोपी सुमित की हत्या करने आए और हर्षित को मार दिया। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा सचिन मलिक ने बताया कि नामजद रेखा को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। वहीं, मुख्य आरोपियों की तलाश में रोहटा, खत्ताउल्लाहपुर, खजूरी, परीक्षितगढ़, मवाना, झिटकरी व सरधना में उनकी रिश्तेदारी में दबिश दी। लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा।
शराब पीना और मौज मस्ती करना है शोक
इंस्पेक्टर सचिन मलिक के अनुसार पंकज के पिता की मौत हो चुकी है। पिता की मौत के बाद घर की संपत्ति का वह अकेला वारिस है। मनीष भी घर में एकलौता पुत्र है और उसके पिता की भी मौत हो चुकी है। उसके पास भी काफी जमीन जायदाद है। दोनों ही अधिकतर घर से बाहर रहते थे। शराब पीना और होटलों में मौज मस्ती करना उनका शोक बन गया है। उसके पास अपनी कई गाड़ियां भी हैं। जिन्हें वह चलाता है और चलवाता है। वहीं मनीष दिल्ली की एक प्राइवेट में कंपनी में पहले जॉब करता था। बाद में उसने वह भी छोड़ दी। फिलहाल पंकज के साथ ही रहता है।
चाचा अनिल पर थी अब जिम्मेदारी
वहीं हर्षित के पिता राजकुमार तीन भाई थे। जिनमें उनसे छोटे प्रवीण व अनिल हैं। प्रवीण एक प्राइवेट स्कूल में क्लर्क है तो अनिल भी प्राइवेट जॉब करते हैं। राज कुमार की बीमारी के चलते मौत हो गई थी तो हर्षित की मां ममता उर्फ मुन्नी की देवर अनिल के साथ शादी करा दी गई थी।
पंकज को थी सुमित के आने की सूचना
सुमित उर्फ शुभम चंडीगढ़ से रविवार को घर पहुंचेगा। इसकी जानकारी आरोपियों को पहले से थी। पुलिस इस बिंदू की भी जांच कर रही है कि आखिर आरोपियों को किसने सूचना दी। पुलिस सर्विलांस के जरिये भी आरोपियों को सूचना देने वालों का पता लगाने में लगी हैं।
खास बात
मुख्य आरोपी की मां को भेजा गया जेल, हत्यारोपियों का गिरफ्तारी वारंट लेने की तैयारी