शिक्षिका का चोरी हुआ मोबाइल बॉर्डर पर बैठा आर्मी का जवान चला रहा है। फौजी फोन से फोटो निकालकर एफबी पर डाल रहा है। जिसमें महिला के कुछ निजी फोटा भी हैं। इसकी शिकायत शिक्षिका ने मंगलवार को एसएसपी ऑफिस में की। साइबर सेल ने इसकी जांच की तो खुलासा हुआ कि फोन फौजी के पास है।
मेरठ में शास्त्रीनगर की एक महिला एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। 15 दिन पहले शिक्षिका का मोबाइल चोरी हो गया था। इसकी शिकायत महिला ने मेडिकल थाने में की। पांच दिन से महिला के एफबी अकाउंट पर उसकी फोटो अपलोड हुईं हैं। महिला के मोबाइल में जो फोटो गैलरी में थे, उनको भी एफबी पर डाल दिया गया। महिला ने इसकी शिकायत मंगलवार को एसएसपी ऑफिस में की।
साइबर सेल प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया, महिला का चोरी हुआ फोन एक आर्मी का जवान चला रहा है, जो पाकिस्तान के बॉर्डर पर है। वह कुछ दिन पहले मेरठ में ही छुट्टी पर आया था। इसी दौरान उसको वह फोन मिला होगा। पुलिस फौजी से संपर्क करने में जुटी है। पुलिस ने बताया कि फौजी अधिकांश समय फोन बंद रखता है। पुलिस ने बताया कि फौजी की पहचान हो गई। उसने अपना फोटो भी एफबी पर भेजा था।
कैसे पहुंचा फौजी के पास फोन
साइबर सेल का कहना है कि फौजी के पास महिला का मोबाइल कैसे पहुंचा, इसका खुलासा तो जांच में ही होगा। फौजी को फोन किसी ने बेचा है या फिर रास्ते से उसको मिला। पुलिस बारीकी से जांच करने में जुटी है। पुलिस ने कहा कि फौजी बॉर्डर पर है, जहां पर पुलिस का जाना संभव नहीं है। उसको बुलवाने की कोशिश चल रही है।