मेरठ। शहर के एटीएम से नकली नोट निकलने का एक और मामला सामने आया है। लालकुर्ती क्षेत्र में स्टेट बैंक के एटीएम से दो हजार रुपये का नकली नोट निकला है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
कृष्णा नगर, रुड़की रोड निवासी अनुज भट्ट ने बताया कि 24 जून को उसने सीडीए स्थित स्टेट बैंक की शाखा के एटीएम से दो हजार रुपये निकाले थे। एटीएम से निकला दो हजार रुपये का नोट लेकर वह टेलर की दुकान पर पहुंचा तो उसने इस नोट को नकली बता दिया। उसने ध्यान से देखा तो नोट पर चिल्ड्रन बैंक आफ इंडिया लिखा था। अनुज की शिकायत पर लालकुर्ती पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले यूनिवर्सिटी के पास एक बैंक शाखा से नकली नोट निकले थे। दरअसल अधिकांश बैंकों ने एटीएम में कैश डालने का काम प्राइवेट एजेंसियों को दिया हुआ है। बाद में शिकायत आने पर बैंक पूरा ठीकरा उक्त कंपनियों के सिर फोड़ देते हैं।
- नोट पर लिखा था चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया, लालकुर्ती थाने पर दी तहरीर