मेरठ। सराफ के कारीगर ने लाखों रुपये का सोना हड़पने के लिए लूट का ड्रामा रच दिया। जेवरों से भरा बैग अपने दो दोस्तों को सौंपकर शुक्रवार तड़के लूट का शोर मचा दिया। लेकिन क्राइम सीन दोहराते ही आरोपी कारीगर की पोल खुलती गई। पुलिस ने तीनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार कागजी बाजार के सराफा व्यवसायी रामावतार रस्तोगी के यहां नए जेवर बनाने और पुरानों की मरम्मत का काम होता है। बृहस्पतिवार को उन्होंने अपने कारीगर मलियाना निवासी विशाल को बरेली के व्यापारियों के जेवर देने भेजा था। उसने जेवर देकर उनकी मरम्मत का पैसा ले लिया। लौटते वक्त उसे वहां के कई सराफा व्यापारियों ने सोने चांदी के जेवर मरम्मत को दिए थे। शुक्रवार तड़के करीब करीब 3:30 बजे विशाल राज्यरानी एक्सप्रेस से सिटी स्टेशन पर उतरा और कुछ देर बाद ही लूट का शोर मचाता हुआ रेलवे रोड थाने पहुंच गया। सराफ के अनुसार उनके करीब 450 ग्राम सोने चांदी के पॉलिश वाले जेवर, करीब 35 ग्राम सोना और 18 हजार रुपये गए हैं। उन्होंने कारीगर के खिलाफ ही तहरीर दी है।
ऐसे खुली पोल
एसओ रेलवे रोड के अनुसार विशाल ने थाने आकर बताया कि वो सिटी स्टेशन की पार्किंग में खड़ी अपनी स्कूटी लेक र घर जा रहा था। तिराहे पर दो बदमाशों ने उससे उसकी स्कूटी और बैग लूट लिया। बैग में उसका मोबाइल और 18 हजार रुपये थे। पुलिस उसे लेकर मौके पर पहुंची। लेकिन लूटपाट की पुष्टि नहीं हो रही थी। बाद में विशाल चोरी की तहरीर पर ही राजी हो गया। वहीं, सूचना पर सराफ रामावतार रस्तोगी ने थाने पहुंचते ही विशाल से जेवरात के बारे में पूछा तो ये सुनते ही पुलिस का माथा ठनक गया, क्योंकि विशाल ने जेवरों का जिक्र ही नहीं किया था।
फोन कॉल्स से फंसा विशाल
एसओ के अनुसार क्राइम सीन दोहराने के लिए पुलिस जब सिटी स्टेशन की पार्किंग पहुंची तो पार्किंग संचालक ने पूछताछ में बताया विशाल ने शुक्रवार तड़के अपना मोबाइल खराब बताकर उसके मोबाइल फोन से कॉल की थीं। पुलिस ने विशाल से सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि विशाल ने अपने दोस्त मलियाना निवासी बबलू और रिश्ते के मौसेरे भाई शैंकी को फोन करके स्टेशन पर बुलाया था। तीनों ने सिटी स्टेशन पर ही लूट का ड्रामा करने का प्लान बनाया। प्लान के अनुसार बबलू और शैंकी विशाल की स्कूटी और जेवर नगदी से भरा बैग लेकर चले गए थे और विशाल लूट का शोर मचाते हुए थाने पहुंच गया था। पुलिस के अनुसार विशाल ने खुद फंसने के डर से चालाकी दिखाकर अपने मोबाइल से फोन नहीं किया बल्कि पार्किंग वाले का मोबाइल फोन यूज किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाया तो पूरी कहानी सामने आ गई।
देर रात तक माल बरामदगी के प्रयास
एएसपी कैंट सतपाल सिंह और एसओ रेलवे रोड विनोद कुमार के अनुसार तीनों आरोपियों से माल बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है। कुछ जेवरात बरामद कर लिए हैं। विशाल ने कुछ जेवर स्टेशन पर ही एक ईंट के नीचे छिपाने की बात कही। लेकिन वहां पर जेवर नहीं मिले।