एसएसपी का कहना, छात्र खुद ही गया था, बाकी पूछताछ करेंगे
मेरठ। सुपरटेक पॉमग्रीन निवासी 12वीं के छात्र मनीष चौधरी की रविवार को मुंबई में लोकेशन मिल गई। मुंबई की कुर्ला थाना पुलिस ने छात्र को संदिग्ध हालात में घूमते पाया तो पूछताछ के बाद उसके परिजनों को मेरठ सूचना दी।
पुलिस के अनुसार सुपरटेक पॉमग्रीन निवासी प्रॉपर्टी डीलर सागर चौधरी का पुत्र मनीष दिल्ली रोड स्थित एक स्कूल में 12वीं का छात्र है। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे मनीष घर से बैग और कुछ किताबें लेकर निकला था। जबकि मोबाइल फोन घर ही छोड़ गया था। शीतल होटल के बाहर सीसीटीवी फुटेज में वह जाता हुआ दिखाई दिया था। रविवार शाम मुंबई की कुर्ला पुलिस ने मनीष के मिलने की सूचना उसके परिजनों को दी। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी सतीश राय का कहना है कि परिजन मनीष को मुंबई से लाने के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, एसएसपी राजेश पांडेय का कहना है कि अभी तक यही सामने आया कि छात्र खुद गया था। उसके आने के बाद ही पूरे मामले का पता चल सकेगा।