पार्टनर पर तेजाब डालने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
मेरठ। करीब 14 माह पहले अपने पार्टनर पर तेजाब फेंकने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर को देहली गेट पुलिस ने मंगलवार को जली कोठी से गिरफ्तार कर लिया।
एसओ देहली गेट विजय गुप्ता ने बताया कि पूर्वा फैयाज अली निवासी उमरदराज प्रॉपर्टी व्यवसाय में हिस्ट्रीशीटर इरफान उर्फ बछिया का पार्टनर था। दोनों के बीच पैसों केे लेनदेन को लेकर कई बाद विवाद हुआ था। इस बीच एक महिला से संबंधों को लेकर दोनों में विवाद हो गया था। 22 सितंबर 2016 को आरोपी इरफान ने उमरदराज को उधार के पैसे देने की बात कहकर अपने घर बुलाया था। आरोप है कि चाय पिलाने के बहाने इरफान और उसकी पत्नी रिजवाना ने उमरदराज को कमरे में बंधक बनाकर उस पर तेजाब से भरी कैन उड़ेल दी थी। जिसमें उमर दराज करीब 70 प्रतिशत झुलस गया था। वारदात के बाद आरोपी दंपति फरार हो गया था। उमरदराज का मेडिकल के अलावा दिल्ली में अभी तक इलाज चल रहा है।
दंपति पर हुआ था इनाम
एसओ के अनुसार आरोपी दंपति पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। कोर्ट के आदेश पर कुर्की भी की गई थी। इरफान की देहली गेट थाने में 28-ए हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। पूछताछ में इरफान ने बताया कि वह खैरनगर से तेजाब खरीदकर लाया था। पूरी प्लानिंग के साथ घटना को अंजाम देकर पत्नी के साथ दिल्ली में रहने लगा था। पुलिस आरोपी रिजवाना की तलाश कर रही है।
खास बात
- पूर्वा फैयाज अली में 14 माह पहले हुई थी सनसनीखेज घटना
- 70 प्रतिशत शरीर झुलस गया था, आज भी चल रहा इलाज