मेरठ। कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के मद्देनजर मेरठ पुलिस भारी बंदोबस्त करने में जुट गई है। डीजीपी और प्रमुख सचिव गृह की समीक्षा बैठक के बाद सुरक्षा प्लान को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिले के कांवड़ मार्ग पर 102 सीसीटीवी कैमरे, दस ड्रोन और एक हेलीकॉप्टर से निगरानी की जाएगी।
पुलिस लाइन में कांवड़ सेल का ऑफिस बनाया गया है। पुलिस अफसरों ने विगत वर्षों में कांवड़ यात्रा मार्ग पर बरते गए सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली। उसी के आधार पर मेरठ पुलिस ने प्रपोजल बनाकर शनिवार को डीजीपी व प्रमुख सचिव गृह के सामने रखा। जिसमें दोनों आला अफसरों ने इस बार पुलिस फोर्स के साथ ही अत्याधुनिक यंत्रों को बढ़ाने के निर्देश दिए। पुलिस अफसरों के अनुसार विगत साल कांवड़ यात्रा में करीब तीन करोड़ कांवड़ियों के आने का अनुमान लगाया गया था। इस बार यह संख्या पांच करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। बताया गया कि जिले में सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और हेलीकॉप्टर का इंतजाम पुलिस महकमे ने कर लिया है।
जातपात से ऊपर उठें, करें सेवा
अतिसंवेदनशील और मिश्रित आबादी में रहने वाले लोगों के साथ पुलिस ने सोमवार (आज) से मीटिंग करने का प्लान बनाया है। जिसमें लोगों से जातपात व धर्म से उठकर कांवड़ियों की सेवा करने के बारे में अपील की जाएगी। लोगों से आह्वान किया जाएगा कि वह आपातकालीन स्थिति में भी सौहार्द का परिचय दें।
शिविर लगने की होने लगी तैयारी
कांवड़ मार्ग पर शिविर लगाने की तैयारियां होने लगी हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के पास शिविरों की अनुमति लेने के प्रार्थनापत्र पहुंचने लगे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जहां भी शिविर लगें, वहां कांवड़ियों की सुरक्षा के पूरे इंतजाम हों। बिजली लाइन या ट्रांसफार्मर आदि के पास शिविर न लगाएं। कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना पुलिस को दें।
हमारी हर प्वाइंट पर तैयारी
कांवड़ सेल के नोडल अधिकारी/एसपी सिटी मान सिंह चौहान का कहना है कि कांवड़ सेल में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मीटिंग की गई। शहर-देहात के सभी एसओ और चौकी इंचार्ज को पुलिस लाइन में बुलाया गया है। कांवड़ यात्रा से संबंधित सारी जानकारी और सुरक्षा इंतजाम कर रहे हैं।
खास बात
- मेरठ पुलिस का प्लान तैयार, कैमरे लगाने की तैयारी
- पुलिस और प्रशासन के अधिकारी करेंगे मॉनीटरिंग