शहर में एसबीआई की पहली इन टच ब्रांच सोमवार से बेगमपुल पर शुरू हो गई। यह ब्रांच पूरी तरह डिजिटल और कैशलेस है। यहां महज पांच मिनट में आपका एकाउंट खुलते ही एटीएम कार्ड भी मिल जाएगा। पहले दिन 22 खाते खुले।
ब्रांच का शुभारंभ बैंक के दिल्ली जोन के महाप्रबंधक अजीत सिंह ठाकुर ने किया। उन्होंने बताया कि पांच मिनट में ग्राहक अपना एकाउंट खुलवाकर डेबिट कार्ड लेकर जा सकते हैं। आपको सिर्फ अपना आधार कार्ड लेकर आना होगा। यदि आधार कार्ड नहीं है तो पैन कार्ड, वोटर कार्ड या कोई और सरकारी प्रपत्र जिसमें आपका पूरा पता लिखा हो लेकर आएं। ब्रांच में लगी एकाउंट ओपन मशीन में एकाउंट ओपन ऑप्शन पर क्लिक करने पर सिस्टम द्वारा आपके बारे में मांगी जानकारियां दर्ज कर दें। यह आपका एकाउंट ओपन फार्म होगा। सिस्टम मशीन आपका फोटो खुद खींच लेगी और वही फोटो आपके फार्म पर आ जाएगा। फार्म चेक करने के बाद बैंक में मौजूद अधिकारी अपने सिस्टम से उसे ओकेे करेंगे और आपका एकाउंट खुल जाएगा। मशीन से आपके एकाउंट नंबर की स्लिप आपको मिल जाएगी। यदि आप किसी भी कंपनी का डेबिट कार्ड लेना चाहते हैं तो इसके लिए मशीन पर एप्लाई करने पर तुरंत ही डेबिट कार्ड और पिन भी आपको मिल जाएगा। इस अवसर पर बैंक के उप महाप्रबंधक शंतनु पेंडसे, रीजनल मैनेजर आरिफ खान, राजेश कुमार, एचएम अग्रवाल, चीफ मैनेजर विपिन विश्नोई, अनिल सिंघल, दिग्विजय शर्मा, टरेसा जोसफ आदि मौजूद रहे।
बैंक में यह है सुविधा
एकाउंट ओपन मशीन (एओएम)
सीडीएम (कैश डिपोजिट मशीन)
चेक डिपोजिट मशीन (सीडीएम)
पास बुक प्रिंटिंग क्योस्क
एटीएम
रवि प्रकाश अग्रवाल बने पहले ग्राहक
बैंक प्रबंधक सविता सलोनिया ने बताया कि पीएल शर्मा रोड निवासी रवि प्रकाश अग्रवाल इस ब्रांच के पहले ग्राहक बने। उनकी परतापुर में फैक्ट्री है। बैंक को देखने और एकाउंट खुलवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग आए।
डेबिट कार्ड पर होगा आपका फोटो
एकाउंट ओपन मशीन पर फार्म भरते वक्त मशीन द्वारा खींचा गया फोटो बैंक के प्रपत्र के अलावा आपको जारी होने वाले डेबिट कार्ड पर भी होगा। जो अपने आप में बिल्कुल नई और हाईटेक व्यवस्था है।
पहले दिन खुले 22 खाते
सोमवार को पहले दिन इन टच ब्रांच पर कुल 22 लोगों ने खाते खुलवाए। इन्हें पांच मिनट में खाता खुलते ही एटीएम दिया गया।
जीरो बैलेंस पर भी सुविधा
आप यहां जीरो बैलेंस पर एकाउंट खुलवा सकते हैं। साथ ही एटीएम भी मिलेगा। वहीं बैंक अधिकारियों ने बताया कि मशीन कुछ देर के लिए हैंग होने से परेशानी र्हुई, लेकिन बाद भी चालू हो गई।
प्रधानमंत्री को दी बधाई
मेरठ की सानिया का कहना था कि यह ब्रांच मेरठ के लिए केंद्र सरकार का बड़ा तोहफा है। इस ब्रांच में हम खुद एकाउंट ओपन कर सकते हैं। किसी की मदद की जरूरत नहीं है। तुरंत ही एटीएम कार्ड मिलना अपने आप में अच्छा है। इसके लिए मोदी जी बधाई के पात्र है। वहीं, थापरनगर के अंकित पराशर ने कहा कि वह सुबह ही एकाउंट खुलवाने आ गया। पांच मिनट में ही उसका एकाउंट खुल गया। साथ ही एटीएम और पिन भी मिल गया।