अस्सी स्थित एक होटल में 31 दिसंबर की रात घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप में पुलिस ने मुगलसराय के रजनीकांत विजेता, यूके वर्मा और हड़िया के अभिषेक मौर्या को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि मारपीट मेेें एक और युवक भी शामिल था लेकिन दरोगा का बेटा होने के कारण पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
होटल संचालक इंद्रभूषण पांडेय ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की है। इंद्रभूषण पांडेय के अनुसार 31 दिसंबर की रात नशे में धुत दस युवक होटल में शराब पीना चाह रहे थे। विरोध करने पर मारपीट और तोड़फोड़ की।
सौ नंबर पर सूचना देने पर दो पकड़े गए और बाकी भाग गए। भेलूपुर पुलिस के पहुंचने पर दोनों युवकों और उनके पास से बरामद देशी कट्टा सौंप दिया गया। इंद्रभूषण ने बताया कि वह मुकदमा दर्ज कराने भेलूपुर पहुंचे, तभी मारपीट में शामिल दो अन्य युवक भी पैरवी के लिए आए।
पुलिस ने उन दोनों को भी बैठा लिया। उनमें से एक दरोगा का बेटा था तो पुलिस ने छोड़ दिया। पुलिस की इस कारगुजारी की शिकायत एसएसपी नितिन तिवारी से की गई है।