मेरठ। भाजपा एमएलसी डॉ. सरोजिनी अग्रवाल के पति डॉ. ओपी अग्रवाल समेत सात नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर मंगलवार को लोगों ने एसएसपी ऑफिस पर हंगामा किया। चेतावनी दी कि पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की तो वह एसएसपी ऑफिस पर आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।
पुलिस के मुताबिक अप्रैल 2016 को हाजी इरफान अंसारी निवासी इस्लामाबाद लिसाड़ी गेट की शिकायत पर दौराला थाने में केस दर्ज कराया गया था। आरोप था कि एमएलसी डॉ. सरोजनी अग्रवाल के पति डॉ. ओपी अग्रवाल ने समाजवादी आवासीय योजना के नाम पर लावड़ मार्ग पर फ्लैट बुकिंग कराई थी। बताया गया कि डॉ. ओपी अग्रवाल, डॉ. नीमा अग्रवाल, अनुराग गर्ग, आलोक रस्तोगी, रवि रस्तोगी, मनमोहन सपरा व अखिलेश चौहान ने न तो फ्लैट दिलाए और ना पैसा वापस किया।
आरोप लगाया कि 25-25 हजार रुपये में बुकिंग कराई और फिर तीन साल तक किश्त जमा कराई। आरोप कि दौराला पुलिस आरोपियों के खिलाफ सत्ता के दबाव में कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। कोर्ट में आदेश पर आरोपियों पर केस दर्ज हुआ था। अब पुलिस उनकी गिरफ्तारी भी नहीं कर रही है। कई लोगों से ठगी हुई है। आरोपियों पर कार्रवाई न होने पर लोगों में पुलिस के खिलाफ भी आक्रोश है। लोगों ने प्रदर्शन के बाद एएसपी कैंट सतपाल सिंह को शिकायती प्रार्थनापत्र सौंपा।