मेरठ। खरखौदा थाने में एक महिला से मारपीट के मामले में मंगलवार को एसएसपी राजेश कुमार पांडेय एससीएसटी आयोग में तलब हुए। महिला का आरोप है कि पुलिस ने उसे एक युवक से लेनदेन के मामले में समझौता करने के लिए बुलाया और थाने में पुलिस वालों ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने उसको झूठे मामले में जेल भेजा था। जेल से छूटने के बाद महिला ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला की याचिका पर तत्कालीन एसओ खरखौदा समेत आठ पुलिस वालों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत हुआ था। यह मामले कोर्ट में अभी विचाराधीन है।