मेरठ। बुढ़ाना गेट पुलिस चौकी के पास मंगलवार रात 11 बजे तीन बदमाशों ने वीरू कुआं निवासी आईआईएमटी गंगानगर के छात्र अनुभव गोयल पुत्र संजय गोयल से तीन हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया।
अनुभव उस समय बुढ़ाना गेट चौराहे से कोल्ड ड्रिंक लेकर पास ही घर लौट रहे थे। वाजपेयी औषधालय के पास बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल लगाकर वारदात को अंजाम दिया। दहशत में आए अनुभव ने एक घर में घुसकर जान बचायी। सूचना पर पहुंचे भाजपा नेता दीपक शर्मा, नितिन कुमार, गौरव पार्षद, प्रदीप गोयल आदि ने हंगामा कर दिया। जिसके बाद एसपी सिटी और सीओ कोतवाली मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी ने बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। वहीं, साकेत पुलिस चौकी के पास मंगलवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से चेन लूट ली। सूचना पर पुलिस पहुंची। लेकिन महिला ने तहरीर देने से इंकार कर दिया। उधर, टीपीनगर में नरेश निवासी मलियाना से दो बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया।