जिटौली के किसान अनुज की हत्या का सोमवार को सरधना पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अनुज का मोबाइल, पैन कार्ड और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। आरोपी पिता-पुत्रों ने बताया कि 40 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर अनुज का मर्डर किया।
एसपी देहात श्रवण कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में सोमवार शाम चार बजे अनुज कुमार (40) पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी जिटौली, कंकरखेड़ा की हत्या का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि दो मार्च की रात करीब आठ बजे अनुज अपने भांजे विक्की के साथ गांव में जागरण में गया। वहां से मामा-भांजे कंकरखेड़ा में इन्वर्टर खरीदने चले गए थे। विक्की नंगला गांव में पैसा लेने चला गया। उसी दौरान अनुज ने आस मोहम्मद निवासी नंगलाताशी को कॉल की। कॉल रिसीव नहीं हुई तो अनुज बाइक से आस मोहम्मद के घर पहुंच गया। अनुज और आस मोहम्मद के खेत आसपास में हैं। आस मोहम्मद पर अनुज के 40 लाख रुपये बकाया थे और जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा है। आस मोहम्मद ने अपनी 10 बीघा जमीन पर कब्जा करने का आरोप अनुज पर लगाया। इसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसी दौरान आस मोहम्मद का बेटा अली पीछे से आया और कुल्हाड़ी से अनुज का हाथ काट दिया। उसके बाद आस मोहम्मद और उसके बेटे अली, राहुल सैफी व उमर सैफी ने कुल्हाड़ी से अनुज की हत्या कर दी।
पुलिस जीप देख शव फेंककर भागे
अनुज की लाश बोरे में डालकर आस मोहम्मद और उसके बेटे दबथुवा-बहादरपुर मार्ग पर पहुंचे। वह केरोसिन भी लेकर गए थे, ताकि बोरे में आग लगाकर शव को जला दें। लेकिन, ऐन वक्त पर पुलिस का सायरन बज गया। पुलिस जीप देखकर उन्होंने शव को खेत में फेंका और वहां से भाग गए।
आढ़ती ने सौंपा था पुलिस को मोबाइल
अनुज का मोबाइल कंकरखेड़ा में सब्जी मंडी में आढ़ती खालिद के पास मिला, जिसे प्रीतम पुत्र श्यामलाल ने दिया था। पहले तो परिजनों और ग्रामीणों ने आढ़ती पर शक किया था, लेकिन आढ़ती ने खुद ही मोबाइल पुलिस को सौंपा था।
अनुज ने उमर को मारा था थप्पड़
इंस्पेक्टर सरधना मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि अनुज ने उमर सैफी को थप्पड़ मारा था। इस पर उमर और उसके भाइयों ने अनुज को पीटा। अनुज ने उमर को धक्का दिया तो वह वह पीछे गिरा और उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया।
कातिलों तक ऐसे पहुंची पुलिस
पुलिस ने बताया कि अनुज ने रात करीब 8:47 बजे आस मोहम्मद को फोन किया था, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। आस मोहम्मद पर परिजनों को शक था। इसे देखते हुए पुलिस आस मोहम्मद के घर पहुंची। जहां पर फर्श पर खून के छींटे और एक पल्ली बंधी मिली। इसी पल्ली के बने बोरे में अनुज का शव मिला था। आस मोहम्मद की पत्नी ने 24 फरवरी को एक फोटो खिंचवाया था। फोटो में महिला के पास एक रस्सी दिखी, जो अनुज के गले में मिली।
पुलिस की थ्योरी पर सवाल
अनुज के मर्डर के अगले दिन पीड़ित परिवार ने आस मोहम्मद और उसके पुत्रों को नामजद कराया था। पुलिस ने नामजद आस मोहम्मद और उसके बेटे उमर को हिरासत में ले लिया था। दो आरोपी फरार थे। लेकिन, अब पुलिस ने चारों आरोपियों की गिरफ्तारी एक ही कार से खिर्वा तिराहे के निकट सोमवार दोपहर करीब एक बजे बता दी। पुलिस ने अभी यह भी खुलासा नहीं किया कि अनुज का मोबाइल कंकरखेडा मंडी में कैसे पहुंचा।