कक्षा छह की छात्रा पर बना रहा था दोस्ती का दबाव, धमकी दी, छात्रा ने 13 दिनों से स्कूल जाना छोड़ा
छात्रा की मां ने मनचले को मोबाइल फोन से कॉल कर घर के पास बुलाया, जमकर पीटा, पुलिस को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
कंकरखेड़ा। कक्षा छह की छात्रा ने एक मनचले की हरकतों से डरकर स्कूल जाना छोड़ दिया। 13 दिनों बाद छात्रा की मां को इसका पता चला तो उसने मनचले को मोबाइल फोन से कॉल कर घर के पास बुला लिया। शादाब नाम के इस आरोपी को चप्पल से पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। इंस्पेक्टर के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित महिला ने तहरीर में बताया कि उसकी बेटी क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा छह में पढ़ती है। क्षेत्र का ही दूसरे समुदाय का एक युवक उसकी बेटी को काफी दिनों से परेशान करता आ रहा था। अपना मोबाइल नंबर देकर उस पर जबरन दोस्ती के लिए दबाव बना रहा था। बात न मानने पर जान से मारने की धमकी देता था। स्कूल आते-जाते हुए रास्ते में उसका पीछा करता था और छेड़छाड़ करता था। करीब 15 दिन पूर्व भी आरोपी ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की थी। आरोपी से तंग आकर छात्रा करीब 13 दिनों से स्कूल भी नहीं गई। कारण पूछने पर पहले उसने बताया कि उसकी तबीयत खराब है। बाद में उसने मनचले के बारे में मां को बता दिया।
छात्रा की आवाज में की बात
छात्रा की मां ने मंगलवार को मनचले को कॉल कर छात्रा की आवाज में बात की। उसे मिलने के लिए अपने घर के पास बुला लिया। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा तो महिला ने उसे दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई की। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। महिला ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर एपी मिश्रा के अनुसार आरोपी शादाब के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।