मेरठ। नौचंदी क्षेत्र में चोरों ने इलेक्ट्रानिक सामान के शोरूम में कुंबल कर चार हजार रुपये और 11 एलईडी टीवी चोरी कर लिए गए। व्यापारियों ने नौचंदी पुलिस पर गश्त न करने का आरोप लगाकर हंगामा कर दिया।
कान्हा ग्रीन सिटी कालोनी रुड़की रोड निवासी त्रिभुवन चौहान का गढ़ रोड पर नाले के पास एम चौहान नाम से इलेक्ट्रॉनिक सामान का शोरूम है। शोरूम के पिछले हिस्से में गोदाम है। व्यापारी के अनुसार बुधवार रात वह शोरूम बंद कर घर गए थे। बृहस्पतिवार सुबह शोरूम पहुंचे तो सभी सामान अस्तव्यस्त मिला। चोर गोदाम की छत में कुंबल कर घुसे और चोरी को अंजाम दिया। चोरी होने का पता चलने पर आसपास के दुकानदारों की भीड़ लग गई। सूचना पर एसओ नौचंदी संजय तोमर पहुंचे। व्यापारी ने बताया कि चोर करीब तीन लाख रुपये का सामान ले गए। एसओ का कहना है कि शोरूम में लगे सीसीटीवी कै मरे बंद थे। पड़ोस की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे से चोरों की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कब तक होंगी चोरियां
व्यापारियों के अनुसार इस शोरूम के अलावा पास की दुकानों में कुंबल कर चोरियां हो चुकी हैं। दुकानों और शोरूम के पीछे की तरफ नाला है। चोर नाले की तरफ से कुंबल कर घटना करते हैं। दुकानदारों ने एसओ से कहा कि रात में गश्त नहीं होती। पहले की घटनाओं का खुलासा भी नहीं हुआ। हर बार पुलिस आश्वासन देती है।