मेरठ। जागृति विहार में मंगलवार दोपहर दो बदमाशों ने व्यापारी के घर ताले तोड़कर लाखों रुपये की नगदी और ज्वैलरी समेट ली। इस बीच मकान मालिक का बेटा घर पहुंचा तो बदमाशों ने उसे गन प्वाइंट पर लेकर कमरे में खींचने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार जागृति विहार निवासी मुकेश कुमार का भवनों में लिफ्ट लगाने का काम है। उनकी पत्नी सुशीला मेडिकल कॉलेज में कर्मचारी हैं। मंगलवार दोपहर घर पर ताला लगा था। इस बीच दो बदमाश ताला तोड़कर घर में जा घुसे। बदमाशों ने सेफ में रखे पचास हजार रुपये, दो सोने की चेन, अंगूठी, कंगन, चांदी की पॉजेब और अन्य ज्वैलरी समेट ली। इस बीच मकान मालिक का बेटा शुभम कॉलेज से घर पहुंचा तो बदमाशों ने उसे कमरे में खींचने की कोशिश की। लेकिन वह शोर मचाता हुआ भाग निकला। बदमाश भी सारा सामान समेटकर भाग निकले।
सूचना पर एसओ मेडिकल बृजेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। छात्र ने बताया कि एक बदमाश ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। उधर, पुलिस द्वारा मामला चोरी का बताने पर एसपी सिटी मानसिंह चौहान ने मेडिकल पुलिस को फटकार लगा दी। आसपास के लोगों ने मेडिकल पुलिस का घेराव कर कहा कि जागृति विहार में पहले भी कई बार घटनाएं हो चुकी हैं।
खास बात
- जागृति विहार में दिनदहाड़े वारदात, मकान मालिक के बेटे को गन प्वाइंट पर लिया