मेरठ। दुष्कर्म के आरोपी दरोगा के खिलाफ उसकी पुत्रवधू मंगलवार को फिर एसएसपी ऑफिस पहुंची। चेतावनी दी कि दरोगा गिरफ्तार नहीं हुआ तो आत्मदाह कर लूंगी।
देहली गेट थाने में तैनात दरोगा पर उसकी पुत्रवधू ने बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। जिस पर एसएसपी ने दरोगा को सस्पेंड करते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुत्रवधू का आरोप है कि दरोगा फरार है, जिसके चलते उसे जान का खतरा बना हुआ है।
इस दौरान एसएसपी अपने ऑफिस में नहीं मिलीं तो महिला ने अपना शिकायती पत्र ऑफिस में देकर चेतावनी दी कि वह आत्मदाह कर लेगी। एसएसपी मंजिल सैनी का कहना है कि महिला थाना प्रभारी इस प्रकरण की जांच कर रही हैं। दरोगा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी है। दरोगा गैरहाजिर होकर फरार हो गया है।
कमरे से सामान ले गया
पीड़िता ने बताया वह मूल रूप से आगरा की निवासी है। आरोपी दरोगा ने उसे मेरठ बुलाकर अपने कमरे में बंधक बनाया हुआ था। दरोगा सोमवार से फरार है। मंगलवार दोपहर वह एसएसपी ऑफिस गई थी, तभी दरोगा कमरे पर आया और सामान उठाकर ले गया। दरोगा उसके खिलाफ चोरी का भी आरोप लगा सकता है। उसने एक चोरी का फर्जी मुकदमा पहले से दर्ज कराया हुआ है।
- पीड़िता पुत्रवधू ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर दी चेतावनी