मेरठ। घंटाघर पर बुधवार शाम भाजपा के पूर्व पार्षद की दूसरे समुदाय के लोगोें ने पिटाई कर दी। जिस पर पूर्व पार्षद ने फोन पर भाजपा नेताओं को बुला लिया। दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। सांप्रदायिक तनाव का माहौल बनने पर पुलिस फोर्स भी पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी मीट विक्रेता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
एसओ देहली गेट विजय गुप्ता के मुताबिक भाजपा के पूर्व पार्षद विनोद उपाध्याय निवासी लक्ष्मण पुरी बुधवार शाम घंटाघर की तरफ से लौट रहे थे। घंटाघर पर मेनका सिनेमा के पास मीट विक्रेता फरमान से मामूली बात पर विनोद की कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि फरमान ने तीन युवकों को बुलाकर विनोद की पिटाई कर दी। इसकी जानकारी पर भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे।
वहीं, मीट विक्रेता की तरफ से युवा सेवा समिति अध्यक्ष बदर अली भी कार्यकर्ताओं के साथ घंटाघर पहुंचे। दोनों समुदाय के लोगों में तनाव की स्थिति बनी। एसओ ने बताया कि दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया गया। विनोद की तहरीर पर फरमान को नामजद और चार अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। वहीं, बदर अली ने भी इस मामले में केस दर्ज करने की मांग की है।
डीएन में भाजयुमो नेता को पीटा
मेरठ। डीएन कॉलेज में बुधवार को भाजपा युवा मोर्चा के नेता अंकुर राणा की दूसरे पक्ष के छात्रों ने पिटाई कर दी। आरोप है कि पिटाई करने वाले आरोपी प्रदीप भल्ला, सुमित गुर्जर और अंबुज बैसला ने छात्रसंघ चुनाव की रंजिश के चलते हमला किया है। तीनों छात्रों पर देहली गेट थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
खास बातें:
- दूसरे समुदाय के मीट विक्रेता के खिलाफ केस दर्ज
- मारपीट होने पर दोनों समुदाय के लोग आमने सामने