ट्रक चालक को बंधक बना सात लाख का सामान लूटा
मुरादनगर। थाना क्षेत्र के दुहाई स्थित मनन धाम मंदिर के पास रविवार रात कार सवार छह बदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर एक ट्रक लूट लिया। इतना ही नही बदमाश जाते समय ट्रक चालक के हाथ-पांव बांधकर सड़क किनारे फेंक गए। बदमाशोें ने ट्रक में लदी करीब सात लाख की स्वाटी सुपारी लूट ली। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
मूलरूप से मथुरा निवासी कन्हैया लाल ट्रक चलवाकर परिवार का पालन पोषण करते है। ट्रक मथुरा निवासी चालक रामबाबू रविवार रात मथुरा से स्वीटी सुपारी लेकर मुजफ्फरनगर स्थित खतौली के लिए निकला। रामबाबू रात करीब तीन बजे मुरादनगर थाना क्षेत्र के दुहाई स्थित मनन धाम मंदिर के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही कार ने ओवर टेककर ट्रक को रोक लिया। कार सवार छह बदमाशों ने चालक रामबाबू पर तमंचा तानकर बंधक बना लिया। बदमाशों ने ट्रक में लदी स्वीटी सुपारी लूट कर एक कैंटर में लाद ली। चालक रामबाबू के विरोध करने पर बदमाशों ने पीटकर उसे घायल कर दिया। इतना ही नहीं बदमाश रामबाबू के हाथ-पैर बांधकर सड़क किनारे एक गड्ढे में फेंक गए। चालक रामबाबू किसी तरह बंधक मुक्त होकर सुबह करीब पांच बजे मुरादनगर थाने पहुंचा। उसने थाने में मामले की तहरीर दी। चालक के अनुसार, बदमाश करीब सात लाख रुपये की स्वीटी सुपारी लूट ले गए। उधर, थाना प्रभारी रनवीर सिंह ने मामले में चालक की भूमिका संदिग्ध है। जांच की जा रही है।
घटनास्थल के कुछ ही दूर पर खड़ी थी पीसीआर
रामबाबू ने बताया कि लूट के घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस का पीसीआर वाहन खड़ा था। बदमाश लूट को अंजाम देते रहे, उधर पुलिसकर्मियों को पता तक नहीं चला। पीड़ित के अनुसार, अगर पुलिस की गाड़ी को संदिग्ध मानकर पास आती तो शायद ऐसी घटना नही होती। पीड़ित के अनुसार, लूट की वारदात में पुलिस की लापरवाही साफ है। रामबाबू के अनुसार, कार सवार आधा दर्जन बदमाश करीब आधे घंटे तक लूटपाट करते रहे। पुुलिस की गश्त कर रही कोई गाड़ी पास में नहीं आई। जबकि थोड़ी ही दूर पर पुलिस चौकी भी है।