अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। ततीना मोड़ पर बृहस्पतिवार सुबह बाइक सवार तीन बदमाशों ने शराब की दो एवं बीयर एक दुकान का कैश लेकर मवाना आ रहे सेल्समैन से तमंचे के बल पर लाखों रुपये लूट लिये। बदमाश सेल्समैन को धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित ने किसी तरह मामले की जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
ग्राम भिंडवारा निवासी जितेंद्र पुत्र महावीर किला परीक्षितगढ़ स्थित देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन है। पीड़ित ने बताया कि वह बृहस्पतिवार सुबह देशी शराब एवं बीयर की दुकान का कैश और पर्चे लेकर मवाना आ रहा था। वह रास्ते में बहादरपुर गांव स्थित देशी शराब के ठेके पर रुका और यहां से भी कैश एवं पर्चे लिये। इसके बाद वह मवाना के लिए बाइक पर रवाना हुआ। पीड़ित ने बताया कि ततीना मोड़ के समीप पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करके उसकी बाइक गिरा दी। एक बदमाश ने उस पर तमंचा तान दिया और दूसरे बदमाश ने उससे रुपये से भरा बैग लूट लिया। उसने विरोध किया तो बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश किला परीक्षितगढ़ की ओर भाग निकले। पीड़ित ने मामले की जानकारी पीआरवी को दी। दिनदहाड़े हुई लूट की जानकारी पाकर थाना पुलिस में हलचल मच गई। पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। इसके बाद बदमाशों की तलाश में कांबिंग की। हालांकि पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी। पीड़ित ने बताया कि बैग में 1 लाख 59 हजार रुपये से अधिक थे। पीड़ित ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। वहीं, इस बाबत कार्यवाहक थानाध्यक्ष रामजीत सिंह यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मुख्य बातें
सेल्समैन शराब एवं बीयर की दुकानों से कैश लेकर मवाना लौट रहा था
बदमाशों ने गांव ततीना मोड़ के समीप ओवरटेक करके बाइक गिरा दी तथा तमंचे के बल पर वारदात की