खरखौदा। एक युवती ने युवक पर छेड़छाड़, मोबाइल पर अश्लीलता एवं शादी से इनकार करने पर तेजाब फेंकने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इसके चलते परिजनों ने पुलिस से परिजनों की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की बेटी को मोहल्ले का ही एक युवक अक्सर परेशान करता है। वह मोबाइल पर अश्लीलता करता है। अब उसकी बेेटी का रिश्ता हो गया है। उक्त युवक को इसकी जानकारी हुई तो वह अपने कई साथियों के साथ पीड़ित के मकान पर पहुंचा तथा परिजनों पर बेटी से शादी करने का दबाव बनाया। आरोप है कि परिजनों ने इनकार किया तो उसने युवती पर तेजाब फेंकने की धमकी दी। वहीं, परिजनों के विरोध करने पर उनसे मारपीट की तथा पीड़ित को बेटे की हत्या करने की धमकी दी। आरोपी पक्ष उसकी छोटी बेटी के स्कूल में भी पहुंच गए थे। छात्रा ने आरोपियों को पहचान लिया तो आरोपी वहां से भाग निकले। इस मामले में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। वहीं, इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया है। इस मामले की जानकारी कर उचित कार्रवाई की जाएगी। -रजनेश तिवारी, इंस्पेक्टर खरखौदा