मवाना। हस्तिनापुर रोड स्थित अपने ही खेत में किसान का शव मिलने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। हालांकि पुलिस दूसरे दिन भी इस मामले में अहम सुराग हासिल नहीं कर सकी है।
बताते चलें कि हस्तिनापुर निवासी खचेडू पुत्र पलटू सिंह का मंगलवार देर शाम शव पुत्र अनिल ने खेत में पड़ा देखा था। वह सोमवार से लापता था। पिता के सिर पर चोट के निशान एवं पास में डंडा पड़ा देखा। इसके चलते अनिल ने पिता की हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की परंतु कोई अहम जानकारी नहीं मिल सकी। सीओ मवाना पंकज कुमार ने बताया कि हत्यारों को पकड़ने के लिए जांच जारी है। हालांकि अहम सुराग हासिल नहीं हो सका है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।