हापुड़ रोड पर अल्लीपुर मोड़ के पास वारदात, घायल करके भागे
खरखौदा/मेरठ। हापुड़ रोड पर अल्लीपुर मोड़ के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने बुधवार रात दुकान में घुसकर किराना व्यापारी से एक लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाश व्यापारी को घायल कर फरार हो गए।
खरखौदा थाना क्षेत्र के अल्लीपुर निवासी अमित बंसल पुत्र मांगेराम बंसल का हापुड़ रोड पर एक मीट प्लांट के पास किराना स्टोर है। रात करीब 9:30 बजे हापुड़ की तरफ से सफेद अपाचे बाइक पर तीन बदमाश पहुंचे। दुकान में घुसते ही एक बदमाश ने व्यापारी की कनपटी पर पिस्टल सटा दी। गोली मारने की धमकी देकर गल्ले से एक लाख रुपये लूट लिए। शोर मचाने पर दूसरे बदमाश ने व्यापारी के सिर पर तमंचे की बट दे मारी।
पीड़ित व्यापारी ने लूट की सूचना कंट्रोल रूम को दी। लेकिन यूपी 100 पुलिस जहां काफी देर बाद पहुंची तो खरखौदा थाना प्रभारी एएसपी अमित आनंद घटना के करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंचे। जिस पर गुस्साए व्यापारियों ने पुलिस को घेरकर हंगामा करते हुए कहा कि एक घंटे में पुलिस पहुंची है और अब सवाल जवाब करने में लग गई। ऐसे तो व्यापारी लुटते रहेंगे। हापुड़ रोड पर लूट हो गई ओर पुलिस को बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। बाद में सीओ किठौर चक्रपाणि त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया। सीओ का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीम लगी है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
पहले भी हो चुकी है लूट
मेरठ-बुलंदशहर हाइवे पर इस समय सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। ऐसे में सड़क पर कई स्थानों पर वनवे व्यवस्था है। बदमाशों ने हाइवे पर ही बाइक खड़ी कर लूट की घटना को अंजाम दिया है। वहीं, आसपास के लोगों ने बताया कि तीन माह पहले भी अल्लीपुर मोड़ के पास बाइक सवार से लूट हुई थी। भीड़भाड़ वाले स्थान के पास रात में पुलिस गश्त नहीं करती।